बांकीपुर उपचुनाव पर एनडीए का जीत का दावा, डिप्टी सीएम बिजेंद्र ने परिसीमन और सरकारी खजाने के मुद्दे पर भी दिया जवाब
पटना, 17 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इस बीच बिहार के उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए एनडीए की जीत का दावा किया है।
उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा, "यह सीट पहले से एनडीए की है और इस उपचुनाव में भी एनडीए ही जीत दर्ज करेगी।"
बता दें कि बांकीपुर विधानसभा सीट को भारतीय जनता पार्टी का मजबूत गढ़ माना जाता है। पिछले करीब तीन दशकों से इस सीट पर भाजपा का कब्जा रहा है। भाजपा के वरिष्ठ नेता नवीन किशोर सिन्हा ने वर्ष 1995, 2000 और 2005 में लगातार तीन बार इस सीट से जीत हासिल की थी।
नवीन किशोर सिन्हा के निधन के बाद 2006 के उपचुनाव में उनके बेटे नितिन नवीन ने इसी सीट से अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने इस सीट को भाजपा का गढ़ बना दिया। हाल ही में नितिन नविन के भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके चलते अब बांकीपुर सीट पर उपचुनाव हो रहा है।
वहीं, विपक्ष द्वारा राज्य सरकार के खजाना खाली होने के आरोपों पर उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा, "विपक्ष के पास उठाने के लिए कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए वह इस तरह की बातें करता रहता है। अगर सरकारी खजाना खाली होता, तो इतने विकास कार्य कैसे हो रहे होते।"
प्रस्तावित परिसीमन विधेयक का विरोध कर रहे विपक्ष पर भी उन्होंने निशाना साधा। उन्होंने कहा, "परिसीमन एक सतत प्रक्रिया है। विपक्ष हर बात का विरोध करता है और कहता है कि ऐसा नहीं होना चाहिए लेकिन सिर्फ विपक्ष के कह देने से चीजें रुक नहीं जातीं।"
वहीं, राजद नेता मृत्युंजय तिवारी के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देने से उन्होंने इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, "यह उनकी पार्टी का आंतरिक मामला है। मुझे इसकी जानकारी नहीं है, इसलिए मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकता।"
--आईएएनएस
वीकेयू/पीएम

