Samachar Nama
×

बांकीपुर उपचुनाव : पप्पू यादव का जन सुराज पर तंज, कहा-पैसे और सोशल मीडिया के सहारे बनी है प्रशांत किशोर की पार्टी

बांकीपुर उपचुनाव : पप्पू यादव का जन सुराज पर तंज, कहा-पैसे और सोशल मीडिया के सहारे बनी है प्रशांत किशोर की पार्टी
बांकीपुर उपचुनाव : पप्पू यादव का जन सुराज पर तंज, कहा-पैसे और सोशल मीडिया के सहारे बनी है प्रशांत किशोर की पार्टी

नई दिल्ली, 6 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार की राजनीति में बांकीपुर उपचुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। सांसद पप्पू यादव ने जन सुराज अभियान के सूत्रधार प्रशांत किशोर पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रशांत किशोर की राजनीतिक पृष्ठभूमि और उनकी पार्टी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

सांसद पप्पू यादव ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि चुनाव कोई भी लड़ सकता है, लेकिन प्रशांत किशोर की पार्टी सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों के सहारे बनी है, इसलिए इस पर ज्यादा गंभीर चर्चा की जरूरत नहीं है। प्रशांत किशोर का जमीन पर कोई बड़ा जनाधार नहीं है और वे लंबे समय तक जनता के बीच सक्रिय नहीं रहे हैं।

उपचुनाव को लेकर पप्पू यादव ने कहा कि किसी भी सीट का उपचुनाव आमतौर पर सत्ताधारी पार्टी के पक्ष में माना जाता है। उन्होंने कहा कि बांकीपुर सीट को भारतीय जनता पार्टी अपना पारंपरिक गढ़ मानकर चल रही है। इस सीट पर भाजपा के मजबूत संगठनात्मक ढांचे का प्रभाव हमेशा रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व से जुड़े नितिन नवीन और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जैसे नेताओं की राजनीतिक भूमिका भी राज्य में महत्वपूर्ण रही है। हालांकि, उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि जनता वर्तमान सरकार से असंतुष्ट दिखाई दे रही है, जिसका असर आगामी चुनावों में देखने को मिल सकता है।

पप्पू यादव ने विपक्षी दलों से एकजुट होकर चुनाव लड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर सभी विपक्षी दल एक साथ आकर मैदान में उतरते हैं, तो राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को चुनौती दी जा सकती है।

प्रशांत किशोर पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि उनका राजनीतिक सफर पैसे, मीडिया और सोशल मीडिया के सहारे आगे बढ़ा है, जबकि उन्होंने कभी वास्तविक जनसंघर्ष नहीं किया। उन्होंने यह भी कहा कि समय आने पर जनता खुद इसका मूल्यांकन करेगी।

इसी दौरान पप्पू यादव ने राम मंदिर चढ़ावा के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर भूमि पूजन से लेकर ट्रस्ट गठन तक प्रधानमंत्री की भूमिका रही है, लेकिन अब चढ़ावे को लेकर उठे सवालों पर सरकार स्पष्ट जवाब नहीं दे रही है।

उन्होंने मांग की कि देशभर के मंदिरों में होने वाले चढ़ावे और फंड की पारदर्शी जांच होनी चाहिए, ताकि जनता के सामने सच्चाई आ सके। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस धर्म को राजनीति से जोड़कर जनता को भ्रमित कर रहे हैं।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम

Share this story

Tags