Samachar Nama
×

बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा की हार पर विपक्ष का तंज, कहा-'भाजपा जनता को हल्के में न ले'

बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा की हार पर विपक्ष का तंज, कहा-'भाजपा जनता को हल्के में न ले'
बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा की हार पर विपक्ष का तंज, कहा-'भाजपा जनता को हल्के में न ले'

नई दिल्ली, 4 अगस्त (आईएएनएस)। बांकीपुर उपचुनाव के नतीजों को लेकर विपक्षी दलों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा है। विपक्षी सांसदों ने चुनाव परिणामों को जनता का असंतोष बताते हुए दावा किया कि यह सिर्फ एक सीट का परिणाम नहीं, बल्कि देशभर के लोगों की भावनाओं का प्रतिबिंब है। साथ ही संसद में जारी गतिरोध, गृह मंत्री अमित शाह से माफी की मांग और बिना चर्चा के विधेयक पारित किए जाने के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा गया।

सीपीआई (एम) के राज्यसभा सांसद जॉन ब्रिटास ने बांकीपुर उपचुनाव के नतीजों को भाजपा के लिए बड़ा राजनीतिक संदेश बताया। उन्होंने कहा कि यह परिणाम भाजपा के "मुंह पर तमाचा" है और इससे साफ संकेत मिलता है कि जनता को हल्के में नहीं लिया जा सकता।

ब्रिटास ने आरोप लगाया कि देश के लोग अब भाजपा की राजनीतिक रणनीतियों को समझ चुके हैं और पार्टी के असंवेदनशील तथा गैर-जिम्मेदाराना रवैये की वजह से उसे यह राजनीतिक कीमत चुकानी पड़ी है। यह नतीजा केवल पटना या बांकीपुर तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश के जनमत का संकेत है।

वहीं, सीपीआई (एम) सांसद राजा राम ने कहा कि उपचुनाव में बेरोजगारी, शिक्षा और लोकतांत्रिक संस्थाओं से जुड़े मुद्दों का सीधा असर देखने को मिला।

उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के जरिए शिक्षा का भगवाकरण और व्यवसायीकरण किया जा रहा है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने की कथित कोशिशों ने भी मतदाताओं को प्रभावित किया और यही मुद्दे चुनाव परिणामों में परिलक्षित हुए।

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद सौगत रॉय ने भी बांकीपुर उपचुनाव के नतीजों को भाजपा के खिलाफ माहौल का संकेत बताया। उन्होंने कहा कि देश में खासकर युवा और जेन जी भाजपा से नाराज हैं, जिसका असर चुनाव परिणामों में दिखाई दिया है।

उन्होंने यह भी कहा कि जब तक गृह मंत्री अमित शाह कथित "चढ़ावा चोरी" संबंधी टिप्पणी पर माफी नहीं मांगते और विपक्ष की मांगों पर स्पष्टता नहीं आती, तब तक संसद का सुचारु रूप से चल पाना मुश्किल होगा। सदन में बिना चर्चा के विधेयक पारित कराया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद अरविंद सावंत ने भी बांकीपुर उपचुनाव के नतीजों को भाजपा के खिलाफ बढ़ते जनाक्रोश की शुरुआत बताया। उन्होंने कहा कि यह आने वाले समय की केवल एक झलक है और भविष्य में जनता का गुस्सा और स्पष्ट रूप से सामने आएगा।

सावंत ने आरोप लगाया कि भाजपा झूठे वादों और भ्रामक दावों के सहारे सत्ता में आई तथा लगातार जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। विपक्ष का दावा है कि बांकीपुर उपचुनाव का परिणाम आगामी राजनीतिक परिदृश्य के लिए महत्वपूर्ण संकेत लेकर आया है।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम

Share this story