Samachar Nama
×

बांकीपुर उपचुनाव : जनशक्ति जनता दल की उम्मीदवार का नामांकन रद्द, कोर्ट जाएंगे तेज प्रताप यादव

बांकीपुर उपचुनाव : जनशक्ति जनता दल की उम्मीदवार का नामांकन रद्द, कोर्ट जाएंगे तेज प्रताप यादव
बांकीपुर उपचुनाव : जनशक्ति जनता दल की उम्मीदवार का नामांकन रद्द, कोर्ट जाएंगे तेज प्रताप यादव

पटना, 14 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी की उम्मीदवार वीणा मानवी का नामांकन पत्र रद्द कर दिया गया है। इसके बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए न्यायालय का दरवाजा खटखटाने की घोषणा की है।

जानकारी के अनुसार, वीणा मानवी ने जनशक्ति जनता दल के टिकट पर बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया था। उन्हें नामांकन के बाद वर्ष 2009 के एक कथित धोखाधड़ी और लंबित वारंट से जुड़े मामले में पुलिस ने हिरासत में लिया था। इसके बाद निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान उनका नामांकन पत्र रद्द कर दिया गया।

नामांकन रद्द होने की सूचना मिलने पर तेज प्रताप यादव पटना कलेक्ट्रेट स्थित निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों से मुलाकात की। मुलाकात के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनकी पार्टी की उम्मीदवार के साथ अन्याय हुआ है और पूरे मामले में साजिश की गई है। पार्टी इस फैसले को अदालत में चुनौती देगी।

तेज प्रताप यादव ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और वह कानूनी प्रक्रिया के तहत अपने अधिकारों की रक्षा करेंगे। वीणा मानवी के साथ उनकी पार्टी पूरी मजबूती से खड़ी है और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी की उम्मीदवार को जान-बूझकर झूठे मामले में फंसाया गया है ताकि उन्हें चुनाव लड़ने से रोका जा सके। तेज प्रताप ने दावा किया कि वीणा मानवी क्षेत्र में लोकप्रिय हैं और चुनाव में मजबूत स्थिति में थीं, इसलिए उनके खिलाफ साजिश रची गई।

उन्होंने कहा कि जनता का समर्थन उनकी पार्टी के साथ है और विरोधी उनकी बढ़ती लोकप्रियता से घबराए हुए हैं। तेज प्रताप ने सवाल उठाया कि कार्रवाई नामांकन के दिन ही क्यों की गई? बांकीपुर की जनता सब कुछ देख रही है और एक महिला उम्मीदवार के साथ हुए व्यवहार से नाराज है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया के खिलाफ बताते हुए कहा कि सत्य की जीत होगी और न्यायालय से न्याय मिलने की पूरी उम्मीद है।

--आईएएनएस

एससीएच/एबीएम

Share this story

Tags