Samachar Nama
×

प्रशांत किशोर लड़ें या तेजस्वी, बांकीपुर में भाजपा ही जीतेगी: भाजपा सांसद शंभू शरण पटेल

प्रशांत किशोर लड़ें या तेजस्वी, बांकीपुर में भाजपा ही जीतेगी: भाजपा सांसद शंभू शरण पटेल
प्रशांत किशोर लड़ें या तेजस्वी, बांकीपुर में भाजपा ही जीतेगी: भाजपा सांसद शंभू शरण पटेल

नई दिल्ली, 14 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के सांसद शंभू शरण पटेल ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव, चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर के दावों और राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने विश्वास जताया कि बांकीपुर सीट पर भाजपा एक बार फिर बड़ी जीत दर्ज करेगी। साथ ही राम मंदिर से जुड़े चोरी के मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

बांकीपुर उपचुनाव को लेकर शंभू शरण पटेल ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "यह सीट लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ रही है और इस बार पार्टी पहले से भी अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल करेगी। चाहे राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे, प्रशांत किशोर खुद चुनाव लड़ें या फिर तेजस्वी यादव ही उम्मीदवार बन जाएं, नतीजा भाजपा के पक्ष में ही रहेगा।"

उन्होंने कहा, "भाजपा के पूर्व विधायक और वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के कार्यकाल में बांकीपुर क्षेत्र के विकास पर 750 से 800 करोड़ रुपए खर्च किए गए। जिन इलाकों में पहले लोग जाना पसंद नहीं करते थे, वहां आज बेहतर सड़क और एक्सप्रेसवे जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा-जदयू गठबंधन की सरकार ने सुशासन और विकास के आधार पर जनता का विश्वास जीता है और इसी भरोसे के साथ पार्टी दोबारा जनता के बीच वोट मांगने जा रही है।"

शंभू शरण पटेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत 2047' के विजन का भी उल्लेख करते हुए कहा, "बिहार इस लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।" उन्होंने ये भी दावा किया कि भाजपा बांकीपुर उपचुनाव 50 हजार से अधिक मतों के अंतर से जीतेगी।

वहीं, राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि भगवान के घर में चोरी जैसी घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इस अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

उन्होंने कहा, "प्रशासन और सरकार इस पूरे मामले को गंभीरता से ले रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि दोषियों को किसी भी स्तर पर संरक्षण न मिले और उन्हें कानून के तहत उचित सजा मिले।"

शंभू शरण पटेल ने कहा, "भगवान राम देश के करोड़ों लोगों के आदर्श हैं और उनके मंदिर से जुड़े किसी भी मामले में पारदर्शिता और जवाबदेही आवश्यक है। जांच एजेंसियां निष्पक्ष जांच कर दोषियों तक पहुंचेंगी और उन्हें कानून के मुताबिक दंड मिलेगा। साथ ही भाजपा सुशासन, विकास और कानून के राज के मुद्दे पर जनता का विश्वास लगातार मजबूत करने का काम करती रहेगी।"

--आईएएनएस

एससीएच/वीसी

Share this story

Tags