Samachar Nama
×

बांकीपुर में पहले से भी बड़े अंतर से जीतेगी भाजपा, प्रशांत किशोर को मिलेगा जवाब : राजीव रंजन

बांकीपुर में पहले से भी बड़े अंतर से जीतेगी भाजपा, प्रशांत किशोर को मिलेगा जवाब : राजीव रंजन
बांकीपुर में पहले से भी बड़े अंतर से जीतेगी भाजपा, प्रशांत किशोर को मिलेगा जवाब : राजीव रंजन

पटना, 7 जुलाई (आईएएनएस)। जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में प्रशांत किशोर के चुनावी दावों को लेकर उन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा के साथ जनता का पूरा समर्थन है और इस बार जीत का अंतर पहले से भी अधिक होगा।

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर आईएएनएस से बातचीत के दौरान राजीव रंजन ने विश्वास जताया कि भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर बड़ी जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि पहले इस क्षेत्र को पटना वेस्ट के नाम से जाना जाता था और 1995 से लेकर परिसीमन के बाद बने बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र तक भाजपा लगातार यहां जीत हासिल करती रही है। इस बार जीत का अंतर पहले से भी अधिक होगा।

उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी सहयोगी दल पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतर चुके हैं और मतदाताओं के बीच लगातार संपर्क कर रहे हैं। राजीव रंजन ने दावा किया कि इस चुनाव में मतदाताओं के सामने कोई वास्तविक विकल्प नहीं है।

प्रशांत किशोर के चुनाव प्रचार और सरकार की कमियां गिनाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में भी प्रशांत किशोर पूरे बिहार में घूम रहे थे, लेकिन परिणाम सबके सामने हैं। उन्होंने कहा कि उस समय प्रशांत किशोर खुद चुनाव नहीं लड़ रहे थे, इसलिए उनकी राजनीतिक क्षमता का वास्तविक आकलन नहीं हो पाया था। अब जब वे स्वयं चुनाव मैदान में हैं तो जनता उनके जनाधार का भी मूल्यांकन कर देगी।

गोवा कांग्रेस की नेता शमीला सिद्दीकी द्वारा कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए इस्तीफा देने के मामले पर राजीव रंजन ने कहा कि कांग्रेस में कई नेता वेणुगोपाल के व्यवहार से असंतुष्ट हैं। राहुल गांधी को गलत सलाह देने और पार्टी के भीतर संवादहीनता बढ़ाने की वजह से कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता असहज महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसी कारण पार्टी में लगातार इस्तीफे और असंतोष देखने को मिल रहा है।

पंजाब कांग्रेस में जारी गुटबाजी पर उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और वर्तमान प्रदेश नेतृत्व के बीच मतभेद लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में कांग्रेस कभी एक मजबूत संगठन रही है, लेकिन राहुल गांधी की उदासीनता और समय रहते विवादों का समाधान नहीं कर पाने के कारण पार्टी कमजोर होती जा रही है। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनावों में पंजाब में कांग्रेस का प्रदर्शन बेहद खराब रहेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने राष्ट्रीय एकता को देश के सुनहरे भविष्य की नींव बताया था, राजीव रंजन ने कहा कि भारत विविधताओं वाला देश है। यहां अनेक भाषाएं, धर्म और संस्कृतियां हैं, लेकिन इन्हीं विविधताओं के बीच एकता की भावना भारत की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि राज्यों के बीच भावनात्मक जुड़ाव ही राष्ट्रीयता की भावना को और मजबूत बनाता है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने कहा कि सीएए के तहत शरणार्थियों को जल्द नागरिकता दी जाएगी, राजीव रंजन ने कहा कि बिहार में इस मुद्दे को लेकर कोई विवाद नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता दल (यूनाइटेड) एनडीए के साथ मिलकर सरकार चला रही है और राज्य में इस विषय पर किसी तरह की समस्या नहीं है।

ढाका में आयोजित एक सेमिनार में जम्मू-कश्मीर का कथित रूप से गलत नक्शा दिखाए जाने और भारत सरकार द्वारा इसका विरोध किए जाने पर उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न और अविभाज्य अंग है। ऐसे किसी भी प्रयास, जिससे भ्रम फैलाने या भारत की संप्रभुता पर सवाल उठाने की कोशिश की जाए, उसका भारत सरकार उचित और कड़ा विरोध करती रहेगी।

--आईएएनएस

पीआईएम/एएस

Share this story

Tags