Samachar Nama
×

बांकीपुर उपचुनाव: भाजपा ने चुनाव आयोग से की शिकायत, प्रशांत किशोर पर चुनावी खर्च सीमा उल्लंघन का आरोप

बांकीपुर उपचुनाव: भाजपा ने चुनाव आयोग से की शिकायत, प्रशांत किशोर पर चुनावी खर्च सीमा उल्लंघन का आरोप
बांकीपुर उपचुनाव: भाजपा ने चुनाव आयोग से की शिकायत, प्रशांत किशोर पर चुनावी खर्च सीमा उल्लंघन का आरोप

पटना, 21 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को पटना में निर्वाचन आयोग के अधिकारियों से मुलाकात कर बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज के नेता प्रशांत किशोर पर चुनावी खर्च की निर्धारित सीमा का उल्लंघन करने, फर्जी कंपनियों के माध्यम से चुनाव प्रचार पर धन खर्च करने तथा सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट और बॉट नेटवर्क के जरिए मतदाताओं को प्रभावित करने का आरोप लगाया।

प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में आयोग को एक विस्तृत ज्ञापन भी सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में बिहार सरकार के मंत्री मिथिलेश तिवारी, विधायक जीवेश मिश्रा, विधान परिषद में मुख्य सचेतक जनक राम, भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल तथा चुनाव आयोग सेल के संयोजक राकेश ठाकुर शामिल थे।

चुनाव आयोग से मुलाकात के बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक व्यक्ति को चुनाव लड़ने का अधिकार है, लेकिन चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित नियमों का पालन सभी उम्मीदवारों के लिए समान रूप से अनिवार्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर ने 40 लाख रुपए की निर्धारित चुनावी व्यय सीमा से कहीं अधिक खर्च किया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने इस संबंध में चुनाव आयोग को दस्तावेजी साक्ष्य भी उपलब्ध कराए हैं।

शाहनवाज हुसैन ने आरोप लगाया कि चुनावी खर्च को छिपाने के लिए अलग-अलग कंपनियों के माध्यम से सोशल मीडिया पर बड़े पैमाने पर प्रचार अभियान चलाया जा रहा है। उनके अनुसार फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर इन्फ्लुएंसर्स को भुगतान किया जा रहा है और कृत्रिम तरीके से चुनावी माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कई कंपनियों के नाम का उल्लेख करते हुए कहा इसकी भी जांच होनी चाहिए।

बिहार सरकार के मंत्री मिथिलेश तिवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनाव आयोग को ऐसे कई सोशल मीडिया अकाउंट की जानकारी दी है, जिनकी लोकेशन देश के बाहर की है। उन्होंने कहा कि विदेश से संचालित अकाउंट के जरिए बिहार के राजनीतिक माहौल को प्रभावित करने और नेताओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां प्रसारित की जा रही हैं। उन्होंने आयोग से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।

पूर्व मंत्री एवं विधायक जीवेश मिश्रा ने आरोप लगाया कि प्रशांत किशोर जनप्रतिनिधित्व कानून के प्रावधानों का उल्लंघन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव आयोग को चुनावी खर्च और कथित वित्तीय लेन-देन से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेज सौंप दिए हैं।

वहीं, विधान परिषद में मुख्य सचेतक जनक राम ने दावा किया कि बांकीपुर की जनता विकास और सुशासन के साथ है तथा भ्रामक प्रचार से प्रभावित नहीं होगी। भाजपा नेताओं ने निर्वाचन आयोग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर चुनावी आचार संहिता और जनप्रतिनिधित्व कानून के कथित उल्लंघन पर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी

Share this story

Tags