बैंकिंग सेक्टर में निकली भर्ती, मैनेजर/असिस्टेंट मैनेजर पदों पर करें आवेदन, 6 जून आखिरी तारीख
चेन्नई, 2 जून (आईएएनएस)। बैंकिंग सेक्टर में नौकरी तलाश रहे युवाओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। तमिलनाडु मर्केंटाइल बैंक लिमिटेड (टीएमबी) ने रिलेशनशिप मैनेजर (मैनेजर/असिस्टेंट मैनेजर) के पदों पर नियमित आधार पर भर्ती के लिए एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके आवेदन मांगे हैं।
टीएमबी की ओर से जारी भर्ती के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 22 मई से शुरू हो गई थी। अप्लाई करने की अंतिम तिथि 6 जून है। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे तमिलनाडु मर्केंटाइल बैंक लिमिटेड (टीएमबी) के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से नियमित स्ट्रीम के अंतर्गत किसी भी विषय में प्रथम श्रेणी (60 प्रतिशत) अंक के साथ ग्रेजुएशन या पोस्ट-ग्रेजुएशन डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास मैनेजर पद के लिए बैंक में ऋण जुटाने/प्रसंस्करण करने/एमएसएमई ऋण/खुदरा ऋण से संबंधित क्षेत्र में कम से कम 3 वर्ष का प्रासंगिक अनुभव और असिस्टेंट मैनेजर पद के लिए किसी बैंक में ऋण जुटाने/प्रसंस्करण करने/एमएसएमई ऋण/खुदरा ऋण प्रदान करने में न्यूनतन 2 वर्ष का प्रासंगिक अनुभव होना चाहिए।
आवेदकों की अधिकतम आयु 35 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 30 अप्रैल के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन शैक्षणिक योग्यता और अनुभव के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग एवं पर्सनल इंटरव्यू (प्रत्यक्ष/वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से) किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी बैंक के मानदंडों के अनुसार होगी।
साक्षात्कार का माध्यम, तिथि और समय के बारे में योग्य उम्मीदवारों को व्यक्तिगत रूप से सूचित किया जाएगा। सभी वर्ग के अभ्यर्थियों को एप्लीकेशन फीस में छूट दी गई है।
--आईएएनएस
डीके/वीसी

