नागपुर में बैंक लूट की कोशिश नाकाम, कर्मचारियों की आंखों में मिर्च डालकर 4.5 लाख रुपए लूटे, वीडियो में जाने 1 किमी पीछा कर पकड़ा गया आरोपी
नागपुर में बैंक लूट की एक सनसनीखेज वारदात का वीडियो सामने आया है। भांडे प्लॉट इलाके में एक युवक ने बैंक कर्मचारियों की आंखों में लाल मिर्च पाउडर डालकर 4.5 लाख रुपए से भरा कैश बैग लूट लिया। हालांकि, बैंक कर्मचारियों की सतर्कता और पुलिस की मदद से आरोपी को करीब एक किलोमीटर दूर पीछा कर पकड़ लिया गया। पूरी घटना बैंक और आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी के पास से लूटी गई पूरी रकम बरामद कर ली है।
ATM से कैश लेकर लौट रहे थे कर्मचारी
जानकारी के मुताबिक, यह घटना गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे नागपुर के भांडे प्लॉट इलाके में हुई। SBI बैंक के कर्मचारी ATM से कैश लेकर वापस ब्रांच लौट रहे थे।इसी दौरान एक युवक पीछे से उनके पास पहुंचा और अचानक उनके चेहरे और आंखों में लाल मिर्च पाउडर डाल दिया। मिर्च आंखों में जाते ही कर्मचारियों को दिखाई देना बंद हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मिर्च डालकर कैश बैग लेकर भागा आरोपी
आरोपी ने इसी का फायदा उठाया और कर्मचारियों के हाथ से साढ़े 4 लाख रुपए से भरा बैग छीनकर मौके से फरार हो गया। वारदात के बाद बैंक कर्मचारियों ने हिम्मत नहीं हारी और आरोपी का पीछा करना शुरू कर दिया।कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस की मदद से आरोपी को करीब एक किलोमीटर दूर पकड़ लिया गया।
CCTV फुटेज में कैद हुई पूरी वारदात
घटना के बाद पुलिस ने बैंक और आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की। फुटेज में आरोपी की पूरी हरकत रिकॉर्ड मिली। पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में लिया और उसके पास से चोरी की गई पूरी रकम बरामद कर ली।
पुलिस कर रही आरोपी से पूछताछ
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने अकेले इस वारदात को अंजाम दिया या उसके साथ कोई और व्यक्ति भी शामिल था।साथ ही पुलिस आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और लूट की योजना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। बैंक कर्मचारियों की सतर्कता के कारण बड़ी वारदात होने से पहले ही आरोपी पकड़ा गया।

