Samachar Nama
×

बैंक ऑफ इंडिया में चीफ मैनेजर समेत 205 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी, 10 सितंबर से आवेदन शुरू

बैंक ऑफ इंडिया में चीफ मैनेजर समेत 205 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी, 10 सितंबर से आवेदन शुरू
बैंक ऑफ इंडिया में चीफ मैनेजर समेत 205 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी, 10 सितंबर से आवेदन शुरू

मुंबई, 31 अगस्त (आईएएनएस)। बैंकिंग सेक्टर में नौकरी करना हजारों-लाखों युवाओं का सपना होता है। अगर आप भी उन्हीं में से एक हैं, तो आपके लिए बैंक ऑफ इंडिया (बीओआई) ने विभिन्न क्षेत्रों में स्केल IV तक के अधिकारियों की भर्ती के लिए कुल 205 पदों पर वैकेंसी की घोषणा एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके की है।

बीओआई की ओर से जारी 205 रिक्तियों में स्केल IV के 10, स्केल III के 49, स्केल II के 118 और स्केल I के 28 पद शामिल हैं। स्केल IV के 10 पदों में चीफ मैनेजर - फुल-स्टैक इंजीनियरिंग के 2, चीफ मैनेजर - डिजिटल प्लेटफॉर्म का 1, चीफ मैनेजर - सप्लाई चेन (ट्रेड फाइनेंस टेक्नोलॉजी) का 1, चीफ मैनेजर - डिजिटल बैंकिंग ऑपरेशन्स के 2, चीफ मैनेजर - आईटी प्रोक्योरमेंट (कॉन्ट्रैक्ट्स और एसएलए मैनेजमेंट) का 1, चीफ मैनेजर - आईटी ऑफिसर के साथ सीआईएसए/सीआईएसएम/सीआईएसएसपी क्वालिफिकेशन का 1 और चीफ मैनेजर - इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी के 2 पद शामिल हैं।

स्केल III के 49 पदों में सीनियर मैनेजर - फुल-स्टैक इंजीनियरिंग के 12, सीनियर मैनेजर - डिजिटल प्लेटफॉर्म के 2, सीनियर मैनेजर - फिनाकल एप्लीकेशन सपोर्ट के 3, सीनियर मैनेजर - इंफ्रास्ट्रक्चर ऑपरेशन्स के 3, सीनियर मैनेजर - सॉल्यूशन और टेक्नोलॉजी आर्किटेक्चर के 3, सीनियर मैनेजर - डेटा इंजीनियरिंग के 4, सीनियर मैनेजर - एपीआई गवर्नेंस और सिक्योरिटी के 4, सीनियर मैनेजर - देवसेकऑप्स इंजीनियरिंग के 3, सीनियर मैनेजर - आईटी प्रोक्योरमेंट स्पेशलिस्ट के 2, सीनियर मैनेजर - डेटाबेस एडमिनिस्ट्रेशन के 2, सीनियर मैनेजर - इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी के 6 और सीनियर मैनेजर - आईटी ऑफिसर के साथ सीआईएसए/सीआईएसएम/सीआईएसएसपी क्वालिफिकेशन के 5 पद शामिल हैं।

स्केल II के 118 पदों में मैनेजर - फुल-स्टैक इंजीनियरिंग के 18, मैनेजर - बीआरई/एलओएस/डिसीजनिंग इंजीनियरिंग के 4, मैनेजर - डिजिटल प्लेटफॉर्म के 5, मैनेजर - एप्लीकेशन सपोर्ट और ऑपरेशन्स के 11, मैनेजर - इंफ्रास्ट्रक्चर ऑपरेशन्स के 12, मैनेजर - आईटी सिस्टम एडमिनिस्ट्रेटर के 2, मैनेजर - परफॉर्मेंस टेस्टिंग के 2, मैनेजर - ऑटोमेशन टेस्टिंग के 3, मैनेजर - आईटी प्रोक्योरमेंट स्पेशलिस्ट के 4, मैनेजर - आईटी प्रोजेक्ट मैनेजर के 3, मैनेजर - बिजनेस एनालिसिस के 2, मैनेजर - डेटा एनालिटिक्स के 5, मैनेजर - देवसेकऑप्स इंजीनियरिंग के 3, मैनेजर - यूआई/यूएक्स डिजाइन के 2, मैनेजर - उभरती टेक्नोलॉजी और इनोवेशन के 2, मैनेजर - सॉल्यूशन और टेक्नोलॉजी आर्किटेक्चर के 2, मैनेजर - डेटाबेस एडमिनिस्ट्रेशन का 1, मैनेजर - इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी के 8, मैनेजर - आईटी ऑफिसर के साथ सीआईएसए/सीआईएसएम/सीआईएसएसपी क्वालिफिकेशन के 7, लॉ ऑफिसर के 10, फायर ऑफिसर के 2 और सिक्योरिटी ऑफिसर के 10 पद शामिल हैं।

स्केल I के 28 पदों में ऑफिसर - फुल-स्टैक इंजीनियरिंग के 6, ऑफिसर - एप्लीकेशन सपोर्ट और ऑपरेशन्स के 4, ऑफिसर - डेटा एनालिटिक्स के 2, ऑफिसर - डेटा इंजीनियरिंग के 2, ऑफिसर - क्यूए और टेस्ट इंजीनियरिंग के 2 और ऑफिसर - इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी के 2 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 10 सितंबर से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 25 सितंबर तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरने की इच्छा रखते हैं, वे बीओआई की आधिकारिक वेबसाइट पर संबंधित पदों के लिए आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद और क्षेत्र के अनुसार बीई/बीटेक/एमटेक या एमसीए (3 वर्ष का फुल-टाइम) या एमएससी या ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास पद के अनुसार निर्धारित वर्षों का अनुभव प्रासंगिक क्षेत्र में होना चाहिए।

आवेदकों की न्यूनतम आयु पद के अनुसार 21 से 32 वर्ष और अधिकतम आयु 30 से 42 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, ऑनलाइन परीक्षा और/या व्यक्तिगत साक्षात्कार, मेरिट सूची और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी जूनियर मैनेजमेंट ग्रेड स्केल (जेएमजीएस-I) के लिए 48,480 से 85,920 रुपए, मिडिल मैनेजमेंट ग्रेड स्केल (एमएमजीएस-II) के लिए 64,820 से 93,960 रुपए, मिडिल मैनेजमेंट ग्रेड स्केल (एमएमजीएस-III) के लिए 85,920 से 1,05,280 रुपए और सीनियर मैनेजमेंट ग्रेड स्केल (एसएमजीएस-IV) के लिए 1,02,300 से 1,20,940 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय अभ्यर्थियों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ईडब्ल्यूएस/ओबीसी उम्मीदवारों के लिए 1,180 रुपए और एससी/एसटी/पीडब्ल्यूडी के लिए 175 रुपए तय किया गया है।

--आईएएनएस

डीके/पीएम

Share this story