बैंक धोखाधड़ी केस: ईडी ने एक्सेल व्हीकल्स और निदेशकों के खिलाफ दाखिल की शिकायत
भोपाल, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के भोपाल जोनल ऑफिस ने सोमवार को विशेष न्यायालय (पीएमएलए) के समक्ष एक्सेल व्हीकल्स प्राइवेट लिमिटेड तथा उसके निदेशकों के खिलाफ तहत अभियोजन शिकायत दायर की है।
न्यायालय द्वारा नोटिस जारी किए जाने के बाद आरोपी अदालत में उपस्थित हुए, जहां उन्हें अभियोजन शिकायत (पीसी) तथा जिन दस्तावेजों पर अभियोजन पक्ष ने भरोसा किया है कि प्रतियां विधिवत उपलब्ध कराई गईं।
यह मामला मूल रूप से केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई), एसीबी भोपाल द्वारा दर्ज एक प्राथमिकी से जुड़ा है, जिसमें भारतीय दंड संहिता, 1860 और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के विभिन्न प्रावधानों के तहत कंपनी और उसके निदेशकों पर बैंक ऑफ इंडिया के साथ कथित धोखाधड़ी कर लगभग 42 करोड़ रुपए का नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया था। इस प्रकरण में सीबीआई ने 20 दिसंबर 2022 को विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीबीआई प्रकरण), इंदौर के समक्ष आरोप पत्र (चार्जशीट) भी प्रस्तुत कर दी थी।
ईडी की मनी लॉन्ड्रिंग जांच के दौरान 6 नवंबर 2024 को एक व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें करीब 109.90 लाख रुपए की नकदी और आभूषण जब्त किए गए। जांच में यह भी सामने आया कि कंपनी ने ऋण प्राप्त करने के लिए कोलेटरल प्रतिभूतियों के संबंध में गलत जानकारी प्रस्तुत की थी और गिरवी रखी गई संपत्तियों में से एक पर कोटक महिंद्रा बैंक के पूर्व प्रभार को छिपाया गया था। इन तथ्यों के आधार पर कंपनी ने बैंक ऑफ इंडिया से लगभग 42 करोड़ रुपए की ऋण सुविधाएं हासिल कीं।
आगे की जांच में यह भी पाया गया कि कंपनी के कैश क्रेडिट खातों से बड़ी मात्रा में धनराशि को विभिन्न सहयोगी संस्थाओं और संबंधित इकाइयों में बिना किसी वैध व्यावसायिक कारण के स्थानांतरित किया गया। इस प्रक्रिया में धन का डायवर्जन और गबन किया गया, जो धन शोधन के तहत लेयरिंग और उसके दुरुपयोग की ओर संकेत करता है।
इससे पहले, ईडी ने इसी मामले में पीएमएलए के प्रावधानों के अंतर्गत लगभग 12.62 करोड़ रुपए मूल्य की दो अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया था। इनमें मध्य प्रदेश के भोपाल जिले की कोलार तहसील स्थित एक कृषि भूमि और एक व्यावसायिक भूखंड शामिल हैं। फिलहाल, मामले में आगे की जांच जारी है और आने वाले समय में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
--आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी

