Samachar Nama
×

बांग्लादेश ने जीती टी20 सीरीज, तीसरे मैच में जिम्बाब्वे को 4 विकेट से हराया

बांग्लादेश ने जीती टी20 सीरीज, तीसरे मैच में जिम्बाब्वे को 4 विकेट से हराया
बांग्लादेश ने जीती टी20 सीरीज, तीसरे मैच में जिम्बाब्वे को 4 विकेट से हराया

बुलावायो, 19 जुलाई (आईएएनएस)। बांग्लादेश ने जिम्बाब्वे के खिलाफ खेली गई 3 टी20 मैचों की सीरीज 2-1 से जीत ली है। रविवार को खेले गए तीसरे टी20 में जिम्बाब्वे को 4 विकेट से हराकर बांग्लादेश ने टी20 सीरीज अपने नाम की। इस जीत से बांग्लादेश ने इस दौरे पर टेस्ट और वनडे सीरीज में मिली हार का बदला भी चुकता कर लिया।

दोनों टीमों के बीच टी20 सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया। जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 143 रन बनाए थे। जिम्बाब्वे की तरफ से सिर्फ 2 बल्लेबाज ही रन बना सके। अन्य बल्लेबाज 2 अंकों में प्रवेश नहीं कर सके।

सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट ने 38 गेंदों पर 47 रन बनाए, जबकि तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए डियोन मायर्स ने 53 गेंदों पर 73 रन बनाए।

बांग्लादेश के लिए मोहम्मद सैफुद्दीन ने 2, जबकि मेहदी हसन, रिशाद हुसैन, और अब्दुल गफ्फार सकलैन ने 1-1 विकेट लिए।

144 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश को पहला झटका महज 4 के स्कोर पर लगा, जब सैफ हसन 4 रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए। इसके बाद तंजीद हसन के नाबाद 66, परवेज हुसैन इमोन के 24, और कप्तान तौहिद हृदय के 24 रन की बदौलत बांग्लादेश ने 19.4 ओवर में 6 विकेट पर 144 रन बनाकर मैच 4 विकेट से जीत लिया। तंजीद ने परवेज हुसैन के साथ दूसरे विकेट के लिए 55 और कप्तान तौहिद हृदय के साथ तीसरे विकेट के लिए 63 रन की अहम और मैच विजयी साझेदारी की।

जिम्बाब्वे के लिए रिचर्ड नगवारा, ब्रैड इवांस और कप्तान सिकंदर रजा ने 2-2 विकेट लिए।

बांग्लादेश के बल्लेबाज तंजीद हसन को प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज घोषित किया गया।

--आईएएनएस

पीएके

Share this story