बंगाल में डबल इंजन की सरकार बनेगी, जनता ने मन बना लिया: गुलाम अली खटाना
नई दिल्ली, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा सांसद गुलाम अली खटाना ने पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा दिए बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि बंगाल में डबल इंजन की सरकार बनने जा रही है।
नई दिल्ली में भाजपा सांसद ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि ममता दीदी पहले बांग्लादेशियों को लेकर चिंतित रहती थीं, अब उन्हें बंगाल को लेकर चिंता होने लगी है।
गुलाम अली खटाना ने कहा कि देश के संसाधनों पर अधिकार केवल देश के नागरिकों का है, और बंगाल की जनता ने मन बना लिया है कि अगली सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘डबल इंजन’ की होगी। इसमें कोई संदेह नहीं है।
शशि थरूर के बयान पर उन्होंने कहा कि जब से पीएम मोदी देश की सत्ता संभाल रहे हैं, देश दुनिया में एक उभरती हुई शक्ति बन गया है। आज कोई भी भारतीय नागरिक किसी भी हवाई अड्डे पर उतरता है तो उसे सम्मान की नजर से देखा जाता है। पीएम मोदी ने देश की बागडोर युवाओं के हाथों में सौंप दी है। बड़े-बड़े विकसित राष्ट्र अब भारत में निवेश करने के लिए आगे आ रहे हैं। हमारे किसानों और मानव संसाधनों के लिए बाजार खुल रहे हैं, जो भारत के उभरते शक्ति बनने का प्रमाण है।
महिला आरक्षण बिल को लेकर गुलाम अली खटाना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण के लिए तीन दिवसीय विशेष सत्र बुलाया है। मैं यह कहना चाहता हूं कि पीएम मोदी ने देश का पूरा ध्यान रखा है। कांग्रेस ने तो केवल लटकाना, हटाना, भटकाना और वोट बैंक बनाने का काम किया, लेकिन मोदी ने पक्का वादा किया है। हमें पूरी उम्मीद है कि सभी राजनीतिक दल इसका समर्थन करेंगे और हमारी बहनों, बेटियों तथा माताओं को संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा।
पीएम मोदी के एक बयान का समर्थन करते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि पुरानी कांग्रेस सरकारें बांटने और राज करने की सोच रखती थीं, जबकि मोदी 140 करोड़ भारतीयों को अपना परिवार मानते हैं। उनकी सोच में ही फर्क है। देश के लोगों को अपना परिवार मानना, उन्हें विकास का हक देना और भारत को दुनिया की महान शक्ति बनाने का लक्ष्य रखना—यह एक विजन और मिशन ही हो सकता है।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी

