Samachar Nama
×

पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत ऐतिहासिक, पूर्वोत्तर राज्यों में भाजपा की लहर: पेमा खांडू

गुवाहाटी, 9 मई (आईएएनएस)। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने पश्चिम बंगाल में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के बाद असम में 12 मई को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की बात कही। गुवाहाटी में शनिवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से खास बातचीत में उन्होंने कहा कि वह हाल ही में बंगाल के समारोह से लौटे हैं और अब असम में नई सरकार के गठन के ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने जा रहे हैं।
पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत ऐतिहासिक, पूर्वोत्तर राज्यों में भाजपा की लहर: पेमा खांडू

गुवाहाटी, 9 मई (आईएएनएस)। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने पश्चिम बंगाल में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के बाद असम में 12 मई को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की बात कही। गुवाहाटी में शनिवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से खास बातचीत में उन्होंने कहा कि वह हाल ही में बंगाल के समारोह से लौटे हैं और अब असम में नई सरकार के गठन के ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने जा रहे हैं।

जनता का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि असम में इस बार भाजपा और एनडीए को जो जनादेश मिला है, वह ऐतिहासिक है। पिछले 10 वर्षों में भाजपा और एनडीए सरकार ने असम में व्यापक परिवर्तन किया है, जिसका असर साफ तौर पर दिखाई देता है। इस विकास का सकारात्मक प्रभाव अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में भी देखने को मिल रहा है। उन्होंने इसे भाजपा-एनडीए सरकार का संभावित तीसरा कार्यकाल बताते हुए मतदाताओं का धन्यवाद किया।

पश्चिम बंगाल के राजनीतिक घटनाक्रम पर पेमा खांडू ने कहा कि कोलकाता में उन्होंने एक ऐतिहासिक पल देखा, जब पहली बार भाजपा ने मजबूत जनादेश के साथ सरकार बनाने में सफलता हासिल की। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल का पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के लिए विशेष महत्व है और वहां स्थिर व विकासोन्मुख सरकार बनने से पूरे क्षेत्र को लाभ मिलेगा। उन्होंने नए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी नेतृत्व के मार्गदर्शन में राज्य तेजी से विकास करेगा। खांडू ने कहा कि ऐतिहासिक रूप से पश्चिम बंगाल ने देश को कई महान व्यक्तित्व दिए हैं, लेकिन पिछले वर्षों में नीतिगत दिशा की कमी के कारण वहां विकास और निवेश अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच पाया। उन्होंने बेरोजगारी और महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दों का भी उल्लेख किया और उम्मीद जताई कि नई सरकार इन चुनौतियों का समाधान करेगी।

बांग्लादेशी घुसपैठ के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि असम में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने अपने पिछले कार्यकाल में इस समस्या से प्रभावी तरीके से निपटा है। अरुणाचल प्रदेश में लागू इनर लाइन परमिट (आईएलपी) प्रणाली का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि राज्य सरकार इसे और मजबूत करने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ला रही है, जिससे रियल टाइम में लोगों की आवाजाही की निगरानी हो सकेगी और स्थानीय समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

पूर्वोत्तर भारत के विकास पर बोलते हुए खांडू ने कहा कि 2014 से पहले इस क्षेत्र को विकास की कमी, बेरोजगारी, उग्रवाद और कमजोर इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए जाना जाता था, लेकिन 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनने के बाद पूर्वोत्तर का परिदृश्य तेजी से बदला है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस क्षेत्र की समस्याओं और संभावनाओं को समझते हुए विशेष ध्यान दिया, जिसके चलते आज यहां व्यापक परिवर्तन देखने को मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि गुवाहाटी समेत पूरे असम में बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। साथ ही अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में भी हर क्षेत्र में विकास हुआ है। खांडू ने विश्वास जताया कि भाजपा और एनडीए सरकार देश में लंबे समय तक विकास के इस क्रम को जारी रखेगी।

उन्होंने कहा कि 12 मई को असम में भाजपा-एनडीए सरकार के तीसरे कार्यकाल की शुरुआत एक नए विकास अध्याय का संकेत है और यह पूरे देश के लिए एक सकारात्मक समय है, जहां विकास के साथ-साथ संस्कृति, पहचान और भाषाई विविधता को भी समान महत्व दिया जा रहा है।

--आईएएनएस

पीएसके/वीसी

Share this story

Tags