पश्चिम बंगाल में डबल इंजन सरकार तय, विकास की दोगुनी गति होगी : खगेन मुर्मू
मालदा, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा सांसद खगेन मुर्मू ने दावा किया है कि राज्य की जनता ने प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनाने का मन बना लिया है। भाजपा की सरकार में विकास की गति डबल होगी।
मालदा में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा सांसद ने कहा कि पश्चिम बंगाल में महिलाओं के खिलाफ सबसे ज्यादा अपराध हो रहे हैं। बंगाल की जनता ने तय कर लिया है कि भाजपा की सरकार बनेगी। डबल इंजन की सरकार में डबल काम होगा, बंगाल का विकास होगा, युवाओं को रोजगार मिलेगा और महिलाएं सुरक्षित होंगी। आदिवासी महिलाओं का ममता बनर्जी ने अपमान किया। मेरे ऊपर भी हमला किया गया, चुनाव में आदिवासी समाज इसका जवाब देगा।
लोकसभा में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक के गिरने पर भाजपा सांसद खगेन मुर्मू ने कहा कि महिलाएं आगामी विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देंगी। चाहे टीएमसी हो या कांग्रेस, उन्हें महिलाओं का समर्थन नहीं मिलेगा। विपक्षी पार्टी को महिला का वोट नहीं मिलने वाला है।
उन्होंने विधानसभा चुनाव को लेकर ममता बनर्जी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी का जनाधार सिमट गया है। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को और दूसरा चरण 29 अप्रैल को है। जब 4 मई को नतीजे घोषित होंगे, तो उनकी मौजूदगी का जो कुछ भी बचा-खुचा हिस्सा है, वह भी खत्म हो जाएगा। ममता बनर्जी ने जिस तरह बंगाल को लूटा है, बंगाल की जनता उन्हें जवाब देने के लिए तैयार है।
भाजपा प्रत्याशी अभिषेक सिंघानिया ने कहा कि रतुआ की जनता ने यह तय कर लिया है कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनानी है। उन्होंने प्रदेश की टीएमसी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस विधानसभा सीट से जो विधायक हैं, वे जनता के हित की परवाह नहीं करते हैं। वे विकास पर ध्यान नहीं देते। उन्होंने जनता को निराश किया है और अपने दायित्वों को पूरा करने में पूरी तरह असफल रहे हैं। नदी के कटाव के मुद्दे पर उन्होंने बार-बार वादे किए, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया। जनता ने तय कर लिया है कि ऐसी सरकार को बंगाल में लाना है, जो सिर्फ उनके हित की बात करे।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम

