बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर 251 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ाने पर लैंबॉर्गिनी कार जब्त
मुंबई, 17 दिसंबर (आईएएनएस)। मुंबई के बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर कथित तौर पर तेज रफ्तार से कार चलाने का एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर कार 251 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही है। इस मामले में अब पुलिस ने एक्शन लिया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में एक पीले रंग की लैंबॉर्गिनी कार को लगभग 251 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सी लिंक पर दौड़ाते हुए दिखाया गया है। यह वीडियो कथित तौर पर खुद कार में बैठे व्यक्ति द्वारा बनाया गया और बाद में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बड़े पैमाने पर साझा किया गया।
वीडियो के वायरल होने के बाद मुंबई पुलिस हरकत में आई। वर्ली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित लग्जरी कार को जब्त कर लिया और खतरनाक व लापरवाह ड्राइविंग के आरोप में चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इतनी तेज गति से वाहन चलाना न केवल चालक के लिए बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी बेहद खतरनाक हो सकता था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि जब्त की गई लैंबॉर्गिनी कार का रजिस्ट्रेशन नंबर एचआर 70 एफ 1945 है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 के साथ-साथ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 183 (तेज गति से वाहन चलाना) और धारा 184 (खतरनाक ड्राइविंग) के तहत मामला दर्ज किया गया है। कार को वर्ली पुलिस स्टेशन लाया गया है, जबकि आरोपी चालक इरफान एडेनवाला को भी पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन बुलाया गया है।
बांद्रा-वर्ली सी लिंक मुंबई की एक महत्वपूर्ण और अत्याधुनिक सड़क परियोजना है, जिसे भारी ट्रैफिक और तेज रफ्तार वाहनों को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है।
मुंबई पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी

