Samachar Nama
×

बनासकांठा में पीएम मोदी की 'खाटला बैठक', महिलाएं बोलीं- दीपावली जैसा उत्साह

बनासकांठा में पीएम मोदी की 'खाटला बैठक', महिलाएं बोलीं- दीपावली जैसा उत्साह
बनासकांठा में पीएम मोदी की 'खाटला बैठक', महिलाएं बोलीं- दीपावली जैसा उत्साह

बनासकांठा, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा जिले के दौरे पर हैं। इस दौरान पीएम मोदी भिलडी स्थित 'एनिमल ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर' (बीबीआरसी) का उद्घाटन करेंगे। अपनी इस यात्रा में पीएम मोदी पशुपालकों और किसानों के साथ विशेष 'खाटला बैठक' भी करेंगे।

आमतौर पर वीआईपी कार्यक्रमों में मेहमानों के लिए सोफे और कुर्सियों की व्यवस्था की जाती है, लेकिन इस बार बनासकांठा में इस परंपरा को बदला गया है। कार्यक्रम स्थल पर वीआईपी जोन में सोफे की जगह पारंपरिक चारपाइयां यानी खाटले लगाए गए हैं। आमंत्रित किसान और पशुपालक इन्हीं खाटलों पर बैठकर प्रधानमंत्री के साथ सीधे संवाद करेंगे।

प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर स्थानीय लोगों, खासकर महिलाओं और पशुपालकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

इस मौके पर चहुबेन ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए लोगों में जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने कहा, "आजकल हर कार्यक्रम में कुर्सियों का इस्तेमाल होता है, लेकिन यहां प्रधानमंत्री खाटला बैठक करने वाले हैं। यह हमारी संस्कृति से जुड़ी बात है। यहां की तैयारियों और व्यवस्था को देखकर हमें बहुत खुशी हो रही है।"

वहीं गीताबेन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का बनासकांठा आना उनके लिए किसी त्योहार से कम नहीं है। उन्होंने कहा, "आज प्रधानमंत्री बनासकांठा के लोगों से मिलने आ रहे हैं। हमारे लिए यह दीपावली के उत्सव जैसा है। ऐसा लग रहा है जैसे दीपावली पहले ही आ गई हो। वे भिलडी में एनिमल ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर का उद्घाटन करने आ रहे हैं, जिसे लेकर हम सभी बहुत खुश हैं। कार्यक्रम के लिए बहुत अच्छी व्यवस्था की गई है।"

एक अन्य महिला पशुपालक ने कहा कि उनके गांव में जब भी कोई मेहमान आता है तो उनके लिए खाटला लगाया जाता है। उन्होंने कहा, "आज जब हमारे देश के प्रधानमंत्री आ रहे हैं तो उनके लिए और भी शानदार व्यवस्था की गई है। पीएम मोदी ने हमारे लिए बहुत कुछ किया है। उनकी महत्वाकांक्षी योजनाओं के कारण आज हमारे हर घर में जल पहुंचा है और पशुपालकों की आय में भी काफी बढ़ोतरी हुई है।"

--आईएएनएस

पीआईएम/एएस

Share this story

Tags