वाराणसी में जलजमाव की साजिश, सीवर लाइन में भरी गईं बालू की बोरियां: मेयर अशोक तिवारी
वाराणसी, 13 सितंबर (आईएएनएस)। वाराणसी में जलजमाव के वीडियो वायरल होने पर मेयर अशोक तिवारी ने इसे साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आया है कि सीवर लाइनों को जानबूझकर शीशा, बुरादा, प्लाई और बालू से भरी बोरियों से बंद किया गया था, जिसके कारण जलजमाव हो रहा है।
मेयर अशोक तिवारी ने कहा, "लगातार पिछले एक हफ्ते से वाराणसी में नगर निगम और जलजमाव को लेकर सोशल मीडिया पर एक अभियान चलाया जा रहा है। बरसात होती है तो पानी लगता है। मैं जिम्मेदारी से कहना चाहता हूं कि जहां पहले पानी लगता था, वहां से लगातार शिकायत वाले वीडियो चलाए जा रहे थे। जांच करवाई तो पता चला कि वहां सीवर लाइन को शीशा, बुरादा, प्लाई और बोरे भरकर बंद कर दिया गया था। पांच दिन पहले हमने सफाई करवाई, फिर दुर्गा कुंड में भी ऐसी ही शिकायत आई। वहां भी बालू भरकर हमारी सीवर लाइन को बंद कर दिया गया था, वही लोग वीडियो चला रहे हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "तीन दिन पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का 'एक्स' पर पोस्ट आया। हमारा एक वार्ड है, सिवाला वार्ड। वहां का पोस्ट आया कि देखिए, गली में सीवर ओवरफ्लो हो रहा है। मुझे लगता है कि शायद अखिलेश यादव को वाराणसी के बारे में जानकारी देने वाले की संख्या कम है। वो सिवाला वार्ड गंगा के किनारे बसा हुआ है। वहां का पानी जल्लिगम घाट के किनारे होते हुए कुनिया एसटीपी तक जाता है, वहां से पंपिंग होकर भगवानपुर जाता है।"
मेयर तिवारी ने आगे कहा, "उस दिन बारिश हुई और आधे घंटे बाद पानी निकल भी गया। आधे घंटे बाद, मेरे पास फोटो है, वह जगह एकदम पूरी तरह साफ हो गई थी। उन्होंने खुद सफाई की, फिर लोग कहते हैं कि पानी क्यों लगा? दूसरा काम क्या है? कल सुबह जब जलकल के कर्मचारियों ने सफाई की तो पता चला कि 12 बोरियों में बालू भरकर नाली को जाम किया गया था।"
उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि यह एक सोची-समझी साजिश है। सोशल मीडिया पर जहां-जहां से शिकायत आ रही है और वीडियो चलाए जा रहे हैं, उसी वार्ड में जांच करा रहे हैं तो वहां बोरी, बुरादा मिल रहा है। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है।"
उन्होंने कहा, "शिकायत के आधार पर जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर पुलिस कार्रवाई करेगी। राजनीति करिए, राजनीति करनी चाहिए, विरोध करना चाहिए, विरोध करिए। अगर कमियां हैं तो विरोध करें, लेकिन आइए विकास पर बात करिए।"
मेयर ने कहा, "मैंने कहा था कि जहां-जहां जिन वार्डों में जरूरत थी, वहां 28 अप्रैल को प्रधानमंत्री ने 22 वार्डों में पानी और सीवर की 2000 करोड़ रुपए की परियोजना का लोकार्पण किया। पूरे उत्तर प्रदेश में 22 वार्डों में एक साथ 2000 करोड़ की परियोजना देना कहीं भी संभव नहीं था, यह इसलिए संभव हो पाया क्योंकि प्रधानमंत्री के प्रयास और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में काशी लगातार विकास कर रही है।"
--आईएएनएस
केके/डीकेपी

