Samachar Nama
×

बलिया में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

बलिया में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
बलिया में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

बलिया, 22 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में शहर कोतवाली क्षेत्र की चंद्रशेखर नगर चौकी के अंतर्गत शनिवार देर रात एक युवक पर चार लोगों ने चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया।

पुलिस के अनुसार, माल्देपुर निवासी मनोज राय पुत्र लक्ष्मण राय ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी कि उनके भाई विशाल राय पर चार लोगों ने जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला किया है। इस हमले में विशाल गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम और क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। इसके बाद घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। वहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया।

घटना के बाद इलाके में हलचल मच गई। वहीं, पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं।

क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा ने बताया कि मनोज राय की ओर से दी गई सूचना में अनुभव राय, अजय पांडेय, शाहिल सिंह और आशीष सिंह पर विशाल राय को जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला करने का आरोप लगाया गया है। परिजनों से प्राप्त लिखित तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है।

उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं और जल्द ही गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई भी की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

क्षेत्राधिकारी नगर ने बताया कि इससे पहले भी इन लोगों के बीच विवाद की बातें सामने आई थीं। इसकी भी जांच की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि हमला पुरानी रंजिश को लेकर तो नहीं किया गया है। घायल से भी पूरे मामले में पूछताछ की जाएगी और जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

--आईएएनएस

एसएके/एएस

Share this story

Tags