Samachar Nama
×

बलिया में पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़, चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार

बलिया में पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़, चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार
बलिया में पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़, चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार

बलिया, 28 अगस्त (आईएएनएस)। बलिया के भीमपुरा थाना पुलिस ने गुरुवार रात हुई मुठभेड़ के बाद महिलाओं के गहने और पुराने पीतल के बर्तन साफ करने के बहाने चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो कारतूस, सोने के तीन आभूषण, 15,600 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के मुताबिक, गुरुवार रात में भीमपुरा थाना पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि इब्राहिम पट्टी-उधरण मार्ग पर प्रेमराजा गांव के पास कुछ संदिग्ध बदमाश मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्धों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी। पुलिस का दावा है कि बदमाशों ने आत्मसमर्पण करने के बजाय जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी। वहीं, दूसरा आरोपी मौके से भागने की कोशिश करने लगा लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। घायल आरोपी की पहचान अरविंद सोनी निवासी पंचवीर, थाना साहेबपुर कमाल, जिला बेगूसराय, बिहार के रूप में हुई है। पकड़े गए दूसरे आरोपी की पहचान पंकज सोनी निवासी साहेबपुर कमाल, जिला बेगूसराय, बिहार के रूप में हुई है।

प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को पता चला कि दोनों आरोपी कथित तौर पर गांव-गांव घूमकर महिलाओं के गहने और पुराने पीतल के बर्तन साफ करने का झांसा देते थे। इसी दौरान मौका पाकर महिलाओं के आभूषण चोरी कर लेते थे। पुलिस ने कहा कि आरोपियों द्वारा 21 से 24 अगस्त के बीच ऐसी घटनाओं को अंजाम देने की बात पूछताछ में सामने आई है।

अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश शुक्ला ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम को गश्त के दौरान मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई थी। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया। घायल आरोपी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरा में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई गई है। मामले में आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम

Share this story

Tags