Samachar Nama
×

बिलकिस बानो गैंगरेप और हत्या मामले में दो दोषियों को सुप्रीम कोर्ट से जमानत: 17 साल से ज्यादा जेल में रहे, फुटेज में देंखे एक दोषी गंभीर रूप से दिव्यांग

बिलकिस बानो गैंगरेप और हत्या मामले में दो दोषियों को सुप्रीम कोर्ट से जमानत: 17 साल से ज्यादा जेल में रहे, फुटेज में देंखे एक दोषी गंभीर रूप से दिव्यांग

बिलकिस बानो सामूहिक दुष्कर्म और हत्या मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे दो दोषियों को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली है। अदालत ने दोनों दोषियों की सजा निलंबित करते हुए उन्हें जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया है। कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा कि दोनों दोषी 17 साल से ज्यादा समय जेल में बिता चुके हैं। इनमें से एक दोषी गंभीर रूप से दिव्यांग भी है। हालांकि, दोनों की रिहाई निचली अदालत की ओर से निर्धारित शर्तों के आधार पर होगी।

सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस प्रसन्ना बी वराले की पीठ ने दोषियों बिपिनचंद्र जोशी और प्रदीप मोधिंया की याचिकाओं पर सुनवाई की। दोनों दोषियों ने बॉम्बे हाईकोर्ट के वर्ष 2017 के फैसले को चुनौती दी थी। हाईकोर्ट ने अपने फैसले में दोनों की उम्रकैद की सजा बरकरार रखी थी।

दोषियों के वकील ने रखी ये दलीलें

सुनवाई के दौरान दोषियों की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ लूथरा ने अदालत के सामने कई दलीलें रखीं। उन्होंने कहा कि दोनों दोषी 17 साल से अधिक समय जेल में बिता चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने एक दोषी की गंभीर दिव्यांगता का भी हवाला दिया।वकील ने अदालत को बताया कि दोनों में से एक दोषी का नाम प्राथमिकी में शामि नहीं था। घटना के करीब तीन साल बाद उसे इस मामले में आरोपी बनाया गया था। उन्होंने इन परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए दोनों दोषियों को जमानत देने की मांग की।

केंद्र सरकार ने जमानत का किया विरोध

सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल राजा ठाकरे पेश हुए। उन्होंने दोषियों की जमानत याचिकाओं का विरोध किया। केंद्र सरकार की ओर से दलील दी गई कि इस मामले में निचली अदालत और बॉम्बे हाईकोर्ट पहले ही उपलब्ध साक्ष्यों पर विस्तार से विचार कर चुके हैं।सरकार ने अपराध की गंभीरता का हवाला देते हुए कहा कि दोषियों को जमानत पर रिहा नहीं किया जाना चाहिए। हालांकि, दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने दोषियों की सजा निलंबित करने और उन्हें जमानत देने का आदेश दिया।

17 साल से ज्यादा समय से जेल में बंद थे दोनों

अदालत के सामने दोषियों की ओर से जेल में बिताई गई अवधि और एक दोषी की गंभीर दिव्यांगता का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। सुप्रीम कोर्ट ने दोनों को ट्रायल कोर्ट की ओर से तय शर्तों के अनुसार रिहा करने का निर्देश दिया है।बिलकिस बानो मामला गुजरात में वर्ष 2002 में हुए सांप्रदायिक दंगों के दौरान सामने आया था। इस मामले में बिलकिस बानो के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया था और उनके परिवार के सदस्यों की हत्या की गई थी। यह मामला देश के चर्चित आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।

Share this story

Tags