बहराइच में घरेलू विवाद में युवक ने माता-पिता समेत चार की हत्या की
बहराइच, 2 मार्च (आईएएनएस)। यूपी के बहराइच जिले में पारिवारिक संपत्ति के विवाद ने भयावह रूप ले लिया। रुपईडीहा थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में एक युवक ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर अपने माता-पिता, बहन और दादी की हत्या कर दी जबकि बीचबचाव में आए बड़े भाई को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी ने आत्महत्या की कोशिश भी की लेकिन वह बेहोश हो गया।
यूपी के बहराइच के रुपईडीहा थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में पारिवारिक संपत्ति के विवाद में एक युवक ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर अपने माता-पिता, बहन और दादी की हत्या कर दी जबकि बड़े भाई को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी ने आत्महत्या की कोशिश भी की लेकिन वह बच गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए लखनऊ भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय के पीआरओ राकेश सिंह ने बताया कि बहराइच के रुपईडीहा के रामनगर गांव में पारिवारिक विवाद में संपत्ति के मामले को लेकर शुरू हुई कहासुनी के दौरान बेटे ने कुल्हाड़ी से हमला कर माता-पिता, दादी और बहन को मौत के घाट उतार दिया। चीख सुनकर पहुंचे बड़े भाई ने विरोध किया तो उस पर भी छोटे भाई ने हमला कर घायल कर दिया। संघर्ष में हमलावर युवक भी घायल हुआ है। घायल आरोपी का इलाज चल रहा है।
पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस सारे पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद आरोपी ने खुद को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की और ईंट से सिर पर कई वार किए। अधिक रक्तस्राव के कारण वह बेहोश हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भिजवाया, जहां से हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। हमले में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और खून से सनी ईंट बरामद कर ली गई है। गांव में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पड़ोसियों से पूछताछ में पारिवारिक तनाव और संपत्ति विवाद की पुष्टि हुई है। ग्रामीणों के अनुसार पूरा परिवार धार्मिक प्रवृत्ति का था और एक धार्मिक समागम में शामिल होने की तैयारी कर रहा था।
--आईएएनएस
पीयूष/एएस

