Samachar Nama
×

टीएमसी के बागी सांसदों की सदस्यता खारिज हो, इस्तीफा देकर फिर चुनाव लड़ें : अधीर रंजन

टीएमसी के बागी सांसदों की सदस्यता खारिज हो, इस्तीफा देकर फिर चुनाव लड़ें : अधीर रंजन
टीएमसी के बागी सांसदों की सदस्यता खारिज हो, इस्तीफा देकर फिर चुनाव लड़ें : अधीर रंजन

मुर्शीदाबाद, 25 अगस्त (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इन सांसदों ने अपनी पार्टी से गद्दारी की है और उनकी सदस्यता खारिज होनी चाहिए। अधीर रंजन ने चुनौती देते हुए कहा कि अगर भाजपा से इतनी ही दोस्ती करनी है तो सांसद पद से इस्तीफा दें और फिर चुनाव के मैदान में उतरकर जीत हासिल करें। उन्होंने कहा कि इन 20 सांसदों में मुर्शिदाबाद के तीन गद्दार भी शामिल हैं, यह नैतिक अपराध है।

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने पश्चिम बंगाल की विभिन्न सीटों से जीते तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों को चुनौती देते हुए कहा, "इन 20 सांसदों ने अपनी पार्टी से गद्दारी की है और उनकी सदस्यता रद्द होनी चाहिए। दम है, तो वे लोग फिर से मैदान में उतरें और दोबारा चुनाव लड़ें। इन 20 सांसदों के भीतर हमारे मुर्शिदाबाद के तीन गद्दार भी हैं। मैं चुनौती देता हूं, अगर भाजपा के साथ दोस्ती करने की जरूरत पड़ी, तो चुनाव के मैदान में उतरिए और फिर से जीतकर पार्टी में शामिल हो जाइए। ये जो आपने किया, वो नैतिक अपराध है। अगर नीयत है तो सीधा अपने पद से इस्तीफा देकर मैदान में उतरिए।"

कोलकाता नगर निगम चुनाव की तैयारी और लोगों के पार्टी में शामिल होने को लेकर कांग्रेस नेता ने कहा, "मुर्शिदाबाद जिले में अभियान चल रहे हैं। इस कार्यक्रम में बंगाल के दो विधायकों में एक विधायक और मैं उपस्थित थे। हमें आमंत्रित किया गया था। वहां के ब्लॉक अध्यक्ष और वहां के पार्टी उम्मीदवार समेत सभी लोगों ने मिलकर हमें आमंत्रित किया था। एक शिकायत आई कि पार्टी में शामिल होने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज है।"

उन्होंने कहा कि हमने जांच-पड़ताल की तो पता चला कि उस व्यक्ति का न किसी एफआईआर में नाम है, न किसी सीआईडी की जांच में नाम है, फिर भी लोग कह रहे हैं। सभी लोगों ने केवल एक व्यक्ति के खिलाफ शिकायत की बात कही, हमें फोन पर बोला गया कि इस व्यक्ति को शामिल करने की प्रक्रिया थोड़ी धीमी कीजिए। हमें जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं से सलाह लेनी पड़ती है। मुर्शिदाबाद जिले में इस तरह लोगों को हर रोज शामिल किया जाता है। इससे पहले भी कई जिलों में लोगों को पार्टी में शामिल कराने की प्रक्रिया हुई। ये चलता रहेगा, चाहे कोई भी कांग्रेस पार्टी की छवि को धूमिल करने की कोशिश करे।

एसआईआर की सुनवाई को लेकर अधीर रंजन ने कहा कि हिंदू और मुसलमान दोनों समुदाय के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। जिस धीमी रफ्तार से ये मुद्दा पश्चिम बंगाल में चल रहा है, ऐसे में मैं कोर्ट से एक ही बात कहना चाहता हूं कि अगर इस तरह से मामला चलेगा, तो एक केस को हल करने में सालों लग जाएंगे।

--आईएएनएस

केके/पीएम

Share this story

Tags