बैडमिंटन: भारत करेगा 2028 में थॉमस और उबर कप फाइनल की मेजबानी, बीडब्ल्यूएफ ने फॉर्मेट में बड़े बदलावों का किया ऐलान
नई दिल्ली, 25 नवंबर (आईएएनएस)। भारत 2028 में नए स्वरूप वाले बीडब्ल्यूएफ थॉमस और उबर कप फाइनल की मेजबानी करेगा। बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन (बीडब्ल्यूएफ) ने अपनी प्रमुख चैंपियनशिप के फॉर्मेट में कई बड़े बदलावों की घोषणा की है, जिसमें 2027 से वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए ओलंपिक-शैली का ढांचा अपनाना भी शामिल है।
इस घोषणा के साथ भारत अगले चार वर्षों में अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन आयोजनों के प्रमुख मेजबानों में शामिल हो गया है। बीडब्ल्यूएफ ने वर्ल्ड चैंपियनशिप 2027 के लिए कनाडा के मिसिसॉगा, 2029 सुदीरमन कप फाइनल के लिए कोरिया और 2030 थॉमस और उबर कप फाइनल के लिए पेरिस को मेजबान के रूप में पुष्टि की है। सुदीरमन कप फाइनल 2027 की मेजबानी बीजिंग करेगा।
यह दूसरी बार है जब भारत थॉमस और उबर कप फाइनल की मेजबानी करेगा। इससे पहले 2014 में भी नई दिल्ली ने इन बैडमिंटन टीम इवेंट्स की मेजबानी की थी। नई दिल्ली ने इस साल की शुरुआत में बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप और पिछले साल इसके जूनियर संस्करण की भी मेजबानी की थी। भारत ने 2022 में एक बार थॉमस कप जीता है, और डेनमार्क के हॉर्सेंस में आयोजित इस साल के संस्करण में टीम ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। महिला टीम ने उबर कप में दो ब्रॉन्ज मेडल जीते हैं - पहला 2014 में भारत में ही, और दूसरा 2016 में।
मेजबानी की घोषणाओं के साथ-साथ, बीडब्ल्यूएफ ने अपनी प्रमुख चैंपियनशिप के फॉर्मेट में भी बड़े बदलाव किए हैं। इनका उद्देश्य भागीदारी बढ़ाना, प्रतिस्पर्धा को मजबूत करना और इस खेल को खिलाड़ियों और प्रशंसकों के लिए और अधिक रोमांचक बनाना है। थॉमस और उबर कप फाइनल का विस्तार किया जाएगा, जिसमें अब 24 पुरुष और 24 महिला टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें छह-छह टीमों के चार समूहों में बांटा जाएगा। हर टीम लीग चरण में चार मुकाबले खेलेगी और शीर्ष 12 टीमें नॉकआउट दौर में पहुंचेंगी। 2028 में थॉमस और उबर कप फाइनल के लिए 'बेस्ट-ऑफ-थ्री' मैच फॉर्मेट लागू किया जाएगा। नए प्वाइंट्स-आधारित लीग सिस्टम के तहत, टीमों को हर मैच जीतने पर प्वाइंट्स मिलेंगे, चाहे पूरे टाई (मुकाबले) का नतीजा कुछ भी हो। इसके अलावा, पूरे टाई जीतने पर दो अतिरिक्त बोनस प्वाइंट्स भी दिए जाएंगे।
सुदीरमन कप फाइनल में 24 टीमें होंगी, जिन्हें आठ-आठ टीमों के तीन समूहों (ग्रुप) में बांटा जाएगा। हर टीम लीग चरण में पारंपरिक 'बेस्ट-ऑफ-फाइव' मैच फॉर्मेट के तहत तीन टाई खेलेगी। 2027 से बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप में बड़ा बदलाव किया जाएगा। इसे ओलंपिक खेलों के फॉर्मेट के अनुरूप ढाला जाएगा, जिसमें सभी पांचों इवेंट्स (कैटेगरी) में पहले ग्रुप स्टेज होगा और उसके बाद नॉकआउट राउंड खेले जाएंगे।
सिंगल्स इवेंट्स में 48 खिलाड़ी होंगे, जिन्हें तीन-तीन खिलाड़ियों के 16 समूहों में बांटा जाएगा। वहीं, डबल्स इवेंट्स में 32 जोड़ियां होंगी, जिन्हें चार-चार जोड़ियों के आठ समूहों में बांटा जाएगा। हर समूह से शीर्ष दो खिलाड़ी या जोड़ियां 'राउंड ऑफ 16' में पहुंचेंगी, जिससे यह सुनिश्चित होगा कि हर खिलाड़ी को कम से कम दो मैच खेलने का मौका मिले।
इन बदलावों के साथ-साथ 3x15 स्कोरिंग सिस्टम और नए बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर को भी पेश किया जा रहा है, जो इस खेल के प्रतियोगिता की संरचना में एक बड़ा बदलाव है। बीडब्ल्यूएफ की अध्यक्ष खुनयिंग पातामा लीस्वदत्राकुल ने कहा कि इन बदलावों का मकसद खेल की वैश्विक पहुंच बढ़ाना, भागीदारी को बढ़ावा देना और दुनिया भर के दर्शकों के बीच इसकी लोकप्रियता को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा, "हमारी प्रमुख चैंपियनशिप में किए गए इन बदलावों का उद्देश्य कड़ी प्रतिस्पर्धा तैयार करना, ज्यादा लोगों की भागीदारी के रास्ते खोलना और यह सुनिश्चित करना है कि अधिक सदस्य और खिलाड़ी बैडमिंटन के सबसे खास पलों का हिस्सा बन सकें। 3x15 स्कोरिंग सिस्टम के साथ मिलकर, ये बदलाव हमारे खेल को ऊंचाइयों पर ले जाने, प्रशंसकों के जुड़ाव को गहरा करने और बैडमिंटन को एक सच्चे वैश्विक खेल के रूप में मजबूत करने के हमारे व्यापक विजन का हिस्सा हैं।"
--आईएएनएस
एसएम/

