Samachar Nama
×

बड़े टूर्नामेंट हमारे लिए चुनौती के साथ सीखने का अवसर लेकर आते हैं: ब्रेंडा टाऊ

बड़े टूर्नामेंट हमारे लिए चुनौती के साथ सीखने का अवसर लेकर आते हैं: ब्रेंडा टाऊ
बड़े टूर्नामेंट हमारे लिए चुनौती के साथ सीखने का अवसर लेकर आते हैं: ब्रेंडा टाऊ

दुबई, 20 नवंबर (आईएएनएस)। पापुआ न्यू गिनी की कप्तान ब्रेंडा टाऊ ने कहा है कि उनकी टीम ने आईसीसी विमेंस इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी में अपने सफर से कीमती अनुभव हासिल किया है।

ब्रेंडा टाऊ ने कहा कि ऊंची रैंक वाली टीमों के खिलाफ खेलना उनकी टीम के खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी चुनौती थी, लेकिन इस टूर्नामेंट के माध्यम से उनकी टीम के खिलाड़ियों को महिला क्रिकेट में सबसे अच्छी टीमों के खिलाफ खुद को परखने का मौका मिला।

उन्होंने कहा, "ईमानदारी से कहूं तो यह एक शानदार टूर्नामेंट रहा है। हमने बहुत कुछ सीखा है। हमसे ऊंची रैंक वाली टीमों के खिलाफ खेलना एक शानदार अनुभव और चुनौती रही है। मुझे लगता है कि इस तरह के टूर्नामेंट से हमें सच में बहुत मदद मिलती है। मेरे लिए यह सिर्फ जीतने की बात नहीं है। हम अपनी पूरी कोशिश करते हैं और मुझे लड़कियों पर गर्व है कि हम आखिर तक लड़ते हैं। दूसरी तरफ, एक टीम को जीतना होता है, एक टीम को हारना होता है।"

टाऊ ने कहा, "हम अब पॉजिटिव रहेंगे, ट्रेनिंग पर वापस जाएंगे। कड़ी मेहनत करेंगे और अगले टूर्नामेंट का इंतजार करेंगे।"

पापुआ न्यू गिनी (पीएनजी) हाल ही में संपन्न टूर्नामेंट में जीत दर्ज नहीं कर पाई, लेकिन कुछ व्यक्तिगत प्रदर्शनों ने टीम का हौसला बढ़ाया। पाउके सियाका चार पारियों में 84 रन बनाकर टीम की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी रहीं, जबकि नाओनी वारे, हेनाओ थॉमस और विक्की बुरुका ने चार-चार विकेट लिए।

पीएनजी को अपने देश के बाहर खेलने के मौके कम मिलते हैं। विमेंस इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी की शुरुआत और आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाइंग जैसे इवेंट्स ने टीम को ऊँची रैंक वाली टीमों के खिलाफ खेलने के अवसर उपलब्ध कराए हैं।

पापुआ न्यू गिनी ने पिछले साल थाईलैंड में टूर्नामेंट के पहले एडिशन में नामीबिया को छह विकेट से हराया था।

--आईएएनएस

पीएके

Share this story