Samachar Nama
×

बादलों की आवाजाही और तेज हवाओं से बदला मौसम का मिजाज, भीषण गर्मी से मिली राहत

नोएडा, 23 जून (आईएएनएस)। पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम ने मंगलवार को अचानक करवट ले ली। दोपहर बाद आसमान में घने बादलों की आवाजाही शुरू हो गई और तेज हवाओं के चलने से पूरे एनसीआर का मौसम सुहावना हो गया। कई इलाकों में शाम से पहले ही अंधेरा जैसा माहौल देखने को मिला, जिससे लोगों को झुलसा देने वाली गर्मी से काफी राहत मिली।
बादलों की आवाजाही और तेज हवाओं से बदला मौसम का मिजाज, भीषण गर्मी से मिली राहत

नोएडा, 23 जून (आईएएनएस)। पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम ने मंगलवार को अचानक करवट ले ली। दोपहर बाद आसमान में घने बादलों की आवाजाही शुरू हो गई और तेज हवाओं के चलने से पूरे एनसीआर का मौसम सुहावना हो गया। कई इलाकों में शाम से पहले ही अंधेरा जैसा माहौल देखने को मिला, जिससे लोगों को झुलसा देने वाली गर्मी से काफी राहत मिली।

मौसम में आए इस बदलाव के कारण तापमान में बढ़ोतरी पर भी लगाम लगती दिखाई दे रही है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के स्थानीय मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी दिनों में भी मौसम का यही रुख बना रह सकता है। विभाग ने फिलहाल किसी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की है, लेकिन बादलों की आवाजाही, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 23 जून को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन गरज के साथ बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। 24 जून को भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा और गरज-चमक विकसित होने की संभावना जताई गई है। 25 जून को अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने इस दिन आंशिक रूप से बादल छाए रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके बाद 26 जून को फिर से गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इस दिन अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं, 27 जून को भी गरज-चमक और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इस दिन तापमान 40 और 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। 28 जून को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, पूरे सप्ताह किसी भी दिन के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी गतिविधियों के प्रभाव से बादलों की आवाजाही बढ़ी है। इसके चलते तापमान में अत्यधिक वृद्धि की संभावना फिलहाल कम है। तेज हवाओं और संभावित हल्की बारिश के कारण लोगों को उमस और भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

दोपहर बाद अचानक छाए घने बादलों और चल रही ठंडी हवाओं ने लोगों को राहत का एहसास कराया। मौसम विभाग का मानना है कि आने वाले दिनों में भी एनसीआर में मौसम अपेक्षाकृत नरम बना रहेगा और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही रहने की संभावना है।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी

Share this story

Tags