7 फीट से 1 फीट रह गया बाबा बर्फानी का हिमलिंग, वीडियो में देंखे 3 दिन में 56 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
अमरनाथ गुफा में प्राकृतिक रूप से बनने वाले बाबा बर्फानी के पवित्र हिमलिंग का आकार तेजी से घट गया है। ताजा तस्वीरों के अनुसार, हिमलिंग अब करीब एक फीट का रह गया है। हालांकि, इसके बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई है और अमरनाथ यात्रा में बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
23 मई को BSF के जवानों द्वारा जारी तस्वीर में हिमलिंग की ऊंचाई करीब 7 फीट बताई गई थी। इसके बाद 29 जून को पहली पूजा के दौरान भी हिमलिंग 5 फीट से अधिक ऊंचा था। वहीं, 6 जुलाई को सामने आई नई तस्वीरों में हिमलिंग लगभग 90 प्रतिशत तक पिघल चुका दिखाई दे रहा है और इसका आकार करीब एक फीट रह गया है।
तीन दिन में 56 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
57 दिनों तक चलने वाली अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू हुई थी। यात्रा के पहले तीन दिनों में ही 56 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। यह संख्या पिछले वर्ष की तुलना में करीब 18.6 प्रतिशत अधिक है। वर्ष 2025 में यात्रा के शुरुआती तीन दिनों में 47,972 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे।
दो मार्गों से लगातार पहुंच रहे श्रद्धालु
श्रद्धालु अमरनाथ गुफा तक पहुंचने के लिए दो प्रमुख मार्गों का उपयोग कर रहे हैं। पहला 48 किलोमीटर लंबा नुनवान-पहलगाम मार्ग है, जिसे पारंपरिक रूट माना जाता है। दूसरा 14 किलोमीटर लंबा बालटाल मार्ग है, जो दूरी में छोटा लेकिन अधिक कठिन माना जाता है। दोनों मार्गों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार जारी है।
28 अगस्त को संपन्न होगी यात्रा
इस वर्ष अमरनाथ यात्रा 57 दिनों तक चलेगी और इसका समापन 28 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर होगा। प्रशासन ने यात्रा मार्गों पर सुरक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

