Samachar Nama
×

बाढ़ प्रभावित असम और नागालैंड में वायुसेना ने 458 लोगों को सुरक्षित निकाला

बाढ़ प्रभावित असम और नागालैंड में वायुसेना ने 458 लोगों को सुरक्षित निकाला
बाढ़ प्रभावित असम और नागालैंड में वायुसेना ने 458 लोगों को सुरक्षित निकाला

नई दिल्ली, 28 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय वायुसेना द्वारा असम और नागालैंड के बाढ़ प्रभावित इलाकों में मानवीय सहायता एवं आपदा राहत अभियान लगातार जारी है। खराब मौसम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद वायुसेना राहत एवं बचाव कार्यों में पूरी तत्परता से जुटी हुई है। मंगलवार को भारतीय वायुसेना ने बताया कि पिछले 10 दिनों के दौरान उसके हेलीकॉप्टरों ने बाढ़ में फंसे 458 लोगों को सुरक्षित बचाकर निकाला है।

वायुसेना जहां एक ओर बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित बचाने में कामयाब रही है, वहीं इस आपदा में लोगों तक आवश्यक राहत सामग्री भी पहुंचा रही है। वायु सेना के मुताबिक, अभी तक प्रभावित क्षेत्रों में हवाई मार्ग से 9 टन से अधिक आवश्यक राहत सामग्री भी पहुंचाई गई है। वायुसेना के अधिकारी व जवान, राहत अभियान के दौरान हेलीकॉप्टर से लगातार दुर्गम और जलमग्न क्षेत्रों में उड़ान भर रहे हैं। ये वे प्रभावित क्षेत्र हैं जहां सड़क संपर्क पूरी तरह बाधित हो चुका है। इन अभियानों के जरिए फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के साथ-साथ खाद्य सामग्री, दवाइयां और अन्य जरूरी राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है।

भारतीय वायुसेना का यह अभियान भारतीय सेना और स्थानीय नागरिक प्रशासन के साथ घनिष्ठ समन्वय में चलाया जा रहा है। सभी एजेंसियां मिलकर बाढ़ प्रभावित लोगों तक शीघ्र सहायता पहुंचाने और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही हैं। वायुसेना ने भरोसा दिलाया कि जब तक आवश्यकता रहेगी, राहत और बचाव अभियान पूरी क्षमता के साथ जारी रहेगा, ताकि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

गौरतलब है कि मानसून के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों में प्राकृतिक आपदा आई है। यहां कई जगहों पर इस आपदा में लोगों की जान गई है व गंभीर नुकसान हुआ है। आपदाओं में जान गंवाने वाले लोगों को बीते दिनों राज्यसभा में श्रद्धांजलि अर्पित की गई व उनकी स्मृति में मौन रखा गया था। मौन के माध्यम से राज्यसभा ने देशभर में प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों के प्रति एकजुटता और संवेदना का संदेश दिया।

--आईएएनएस

जीसीबी/एएस

Share this story

Tags