आजमगढ़ मतदाता सूची विवाद: जांच के बाद बीएलओ और कंप्यूटर सहायकों पर कार्रवाई
लखनऊ, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी द्वारा आजमगढ़ विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में एक ही नाम के कई बार दर्ज होने के आरोपों पर चुनाव प्रशासन ने जांच के बाद कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रकरण में लापरवाही पाए जाने पर मतदाता पंजीकरण केंद्र से जुड़े संबंधित कंप्यूटर सहायक और बूथ लेवल अधिकारियों को मतदाता सूची के कार्य से तत्काल हटाने तथा उनकी सेवाएं समाप्त करने संबंधी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
जांच में पाया गया कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 347-आजमगढ़ की मतदाता सूची में 'विकास यादव' नाम 13 स्थानों पर दर्ज था, हालांकि इनमें से अधिकांश प्रविष्टियां अलग-अलग व्यक्तियों से संबंधित हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी, आजमगढ़ से प्राप्त विस्तृत जांच रिपोर्ट के अनुसार, समान नाम और पिता के नाम वाला एक मतदाता गोरखपुर जिले के चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र का निवासी है, जो अन्य प्रविष्टियों से अलग है। जांच में यह भी सामने आया कि 'विकास यादव' नाम की 13 प्रविष्टियों में से दो का विलोपन पहले ही नियमानुसार किया जा चुका था। शेष 11 प्रविष्टियां आजमगढ़ जिले के 11 अलग-अलग व्यक्तियों की हैं, जो अपने-अपने गांवों में निवास कर रहे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, वास्तविक 'विकास यादव' को छोड़कर अन्य 10 व्यक्तियों के नाम और अन्य विवरणों में संशोधन के लिए उनसे फार्म-8 भरवाया गया है, ताकि मतदाता सूची में आवश्यक सुधार किया जा सके।
प्रकरण में अतिरिक्त विधानसभा क्षेत्र 347-आजमगढ़ के कंप्यूटर सहायक, बूथ लेवल अधिकारियों, तत्कालीन निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा दो सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा-32 के तहत कार्रवाई से पहले नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मतदाता सूची तैयार करने के दौरान दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही और पर्यवेक्षण में शिथिलता बरतने के आरोप में तत्कालीन निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और दो सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने तथा आरोप पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही जिला निर्वाचन अधिकारी, आजमगढ़ को जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियों की गहन जांच कर एक सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
--आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी

