आजमगढ़: ज्वेलर्स शॉप से 1.10 लाख की सोने की चेन लूटकर भागे बदमाशों ने की फायरिंग, दो गिरफ्तार
लखनऊ, 18 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ के तहबरपुर थाना क्षेत्र के मंझारी बाजार में ज्वेलर्स की दुकान से करीब 1.10 लाख रुपए कीमत की सोने की चेन लूटकर भाग रहे दो बदमाशों ने पीछा कर रहे दुकानदार और लोगों पर फायरिंग कर दी। हालांकि, स्थानीय लोगों की तत्परता से दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार को दोनों आरोपी राज ज्वेलर्स की दुकान पर सोने की चेन खरीदने पहुंचे थे। उन्होंने करीब 8 ग्राम की चेन पसंद की और भुगतान के लिए दुकानदार से क्यूआर कोड मांगा। खाते में रकम नहीं पहुंचने पर दोनों आरोपी चेन लेकर भागने लगे। दुकानदार और स्थानीय लोगों ने पीछा किया तो आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
इसके बाद स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए दोनों को ग्राम बैरमपुर में पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची तहबरपुर पुलिस ने दोनों आरोपी को हिरासत में लेकर तलाशी ली। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से दो 32 बोर पिस्टल, दो 315 बोर तमंचे, 18 जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, तीन खाली मैगजीन, चापड़, पेचकस और रेती बरामद हुई।
घटना में इस्तेमाल की गई चोरी की मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामले को लेकर आजमगढ़ अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, चिराग जैन ने कहा कि थाना तहबरपुर के अंतर्गत गुरुवार को यह सूचना प्राप्त हुई थी कि दो अभियुक्त एक ज्वेलर्स की दुकान से सोने की चेन खरीदने के बहाने उसको लेकर भाग रहे थे, जिसमें लोगों द्वारा उनको पकड़ा गया और आरोपियों ने फायरिंग भी की।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। दोनों ने पूछताछ में कई नाम बताए हैं। पुलिस मामले की सघन जांच कर रही है और अन्य आरोपियों के बारे में भी पता कर रही है।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम

