आजम खान से अखिलेश यादव की मुलाकात पर शाजिया इल्मी ने कसा तंज, कहा-मुस्लिम वोट नहीं मिलेंगे
नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी की नेता शाजिया इल्मी ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव की आजम खान से जेल में मुलाकात पर तंज कसा। शाजिया इल्मी ने कहा कि इस मुलाकात से भी उन्हें मुस्लिम वोट आगामी विधानसभा चुनाव में नहीं मिलेंगे।
नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा नेता शाजिया इल्मी ने कहा कि अखिलेश की आजम खान से मुलाकात के पीछे मुस्लिम मतदाताओं का समर्थन हासिल करने की राजनीतिक मंशा हो सकती है। उन्होंने आजम खान के खिलाफ दर्ज मुकदमों और कानूनी कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि उनके खिलाफ बड़ी संख्या में मामले दर्ज हैं और कुछ मामलों में उन्हें दोषी भी ठहराया गया है।
भाजपा नेता ने दावा किया कि आजम खान से जुड़े मामलों में शिकायतें करने वालों में मुस्लिम समुदाय के लोग भी शामिल रहे हैं। अखिलेश की इस मुलाकात से समाजवादी पार्टी को राजनीतिक लाभ मिलने की संभावना कम है।
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की ओर से सीजेपी के नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका को समन जारी किए जाने के मामले पर शाजिया इल्मी ने कहा कि समन जारी होने का अर्थ यह नहीं है कि संबंधित व्यक्ति दोषी है। पुलिस को मामले की जांच करने का अधिकार है और जांच से जुड़े लोगों को कानूनी प्रक्रिया का पालन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश में सभी नागरिकों को विरोध-प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन इस अधिकार का इस्तेमाल कानून का उल्लंघन करने के लिए नहीं किया जा सकता। संबंधित लोगों को पुलिस की पूछताछ में सहयोग करना चाहिए और समन में पूछे गए सवालों का जवाब देना चाहिए।
शाजिया इल्मी ने कहा कि सोशल मीडिया पर बयान देने के बजाय जांच प्रक्रिया में सहयोग करना अधिक जरूरी है। संविधान नागरिकों को अधिकार देता है, लेकिन उनके साथ जिम्मेदारियां भी जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि कानून को अपना काम करने देना चाहिए।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर शाजिया इल्मी ने कांग्रेस की चुनावी रणनीति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार चुनावों में हार का सामना कर रही है और इसके लिए कभी ईवीएम तो कभी एसआईआर को जिम्मेदार ठहराती है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी हार के बाद वोट चोरी के दावे करके जनता के जनादेश पर सवाल उठाए जाते हैं। चुनाव परिणामों को लेकर इस तरह के आरोप लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर बहस को प्रभावित करते हैं।
शाजिया इल्मी ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के भीतर ही उनके नेतृत्व को लेकर सवाल उठते दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के कई नेता इन दिनों झूठा ही सही विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि राहुल गांधी के विदेश जाना पसंद करते हैं।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी

