Samachar Nama
×

आजम खान पर ईडी की कार्रवाई कानून के तहत, एनडीए गठबंधन मजबूत: विजय लक्ष्मी गौतम

आजम खान पर ईडी की कार्रवाई कानून के तहत, एनडीए गठबंधन मजबूत: विजय लक्ष्मी गौतम
आजम खान पर ईडी की कार्रवाई कानून के तहत, एनडीए गठबंधन मजबूत: विजय लक्ष्मी गौतम

लखनऊ, 19 अगस्त (आईएएनएस)। यूपी सरकार में मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने आजम खान के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से भाजपा और उसके सहयोगी दलों पर की गई टिप्पणी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जापान दौरे, मंदिरों को लेकर कांग्रेस नेताओं की टिप्पणी और बसपा प्रमुख मायावती द्वारा सतीश चंद्र मिश्रा को जिम्मेदारियां सौंपे जाने समेत कई मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा का एनडीए गठबंधन मजबूत है और पार्टी अपने राजनीतिक फैसले गठबंधन के सहयोगियों के साथ मिलकर करेगी।

भाजपा के सहयोगी दलों को लेकर अखिलेश यादव की टिप्पणियों पर विजय लक्ष्मी गौतम ने कहा कि उन्हें भाजपा और उसके गठबंधन के बारे में चिंता करने की जरूरत नहीं है। एनडीए का गठबंधन मजबूत है और सभी सहयोगी दल मिल-बैठकर सीटों के बंटवारे समेत अन्य मुद्दों पर फैसला करेंगे। सपा-कांग्रेस गठबंधन पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को अपने गठबंधन की चिंता करनी चाहिए। कांग्रेस की ओर से सीटों में बड़ी हिस्सेदारी की मांग की जा रही है और ऐसे में समाजवादी पार्टी के सामने गठबंधन के भीतर सीट बंटवारे को लेकर चुनौती होगी। भाजपा अपने गठबंधन को लेकर पूरी तरह आश्वस्त है और सहयोगी दलों के बीच बातचीत के जरिए सभी विषयों का समाधान कर लिया जाएगा।

पीडीए के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि भाजपा लंबे समय से पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों के साथ काम कर रही है। केंद्र में भाजपा सरकार के करीब 12 वर्ष और उत्तर प्रदेश में लगभग नौ वर्ष के कार्यकाल में पार्टी ने पीडीए वर्गों को सरकार और संगठन में प्रतिनिधित्व दिया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार में मंत्री और विधायक अलग-अलग सामाजिक वर्गों से आते हैं और संगठन में भी पीडीए वर्गों की भागीदारी है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जिलाध्यक्षों और अन्य संगठनात्मक पदों पर भी विभिन्न वर्गों के लोगों को जिम्मेदारियां दी हैं।

विजय लक्ष्मी गौतम ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ दलित, पिछड़े, वंचित, शोषित और सामान्य वर्ग समेत समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने अखिलेश यादव से पीडीए की चिंता नहीं करने की बात कहते हुए आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की पिछली सरकारों के दौरान इन वर्गों के साथ पर्याप्त न्याय नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि पीडीए भाजपा के साथ है और आगे भी उसके साथ बना रहेगा।

आजम खान से जुड़े परिसरों पर ईडी की कार्रवाई पर विजय लक्ष्मी गौतम ने कहा कि सरकार कानून और नियमों के तहत कार्रवाई कर रही है। यदि किसी व्यक्ति के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई बनती है तो सरकार कार्रवाई करेगी। यदि किसी भी जाति या समुदाय का व्यक्ति कानून के खिलाफ काम करता है तो उसके खिलाफ उसी तरह कार्रवाई की जाएगी।

मुस्लिम समाज को कथित रूप से निशाना बनाए जाने के आरोपों पर उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के साथ बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग और मुस्लिम महिलाएं जुड़ी हुई हैं। सरकार की योजनाएं बिना जाति और धर्म के भेदभाव के लागू की जा रही हैं। किसी भी समाज का व्यक्ति यदि गलत काम करेगा तो उसके खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई होगी और इसे किसी विशेष समुदाय के उत्पीड़न के तौर पर देखना उचित नहीं है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जापान दौरे पर विजय लक्ष्मी गौतम ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार विकसित देशों के साथ संबंध मजबूत करके राज्य में निवेश लाने पर लगातार काम कर रही है। जापान जैसे विकसित देश के साथ सहयोग से उत्तर प्रदेश में निवेश के नए अवसर पैदा हो सकते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दौरे के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके लौटने के बाद राज्य को निवेश और विकास से जुड़ी सकारात्मक पहल की उम्मीद है। सरकार का उद्देश्य उत्तर प्रदेश को आर्थिक रूप से मजबूत करना और रोजगार तथा विकास के अवसर बढ़ाना है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी की मंदिरों को लेकर कथित टिप्पणी पर विजय लक्ष्मी गौतम ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कांग्रेस पर देश को लंबे समय तक आर्थिक और सामाजिक रूप से नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार, केंद्र की मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार सभी धर्मों का सम्मान करती हैं। सनातन धर्म और हिंदू धर्म के धार्मिक स्थलों के जीर्णोद्धार और सुविधाओं को बेहतर बनाने का काम भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि जिन धार्मिक स्थलों और भवनों की स्थिति खराब है, उन्हें ठीक करने तथा श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का काम किया जा रहा है। इससे श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था मिलेगी और लोग अधिक उत्साह के साथ धार्मिक स्थलों पर पहुंचेंगे। उन्होंने विपक्षी दलों को सलाह दी कि वे भाजपा सरकार की चिंता करने के बजाय अपने पुराने शासन और अपने कार्यकाल में किए गए कामों पर ध्यान दें। देश आज मजबूत हो रहा है और विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

मायावती द्वारा पार्टी के वरिष्ठ नेता सतीश चंद्र मिश्रा को नई जिम्मेदारियां दिए जाने पर विजय लक्ष्मी गौतम ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर राजनीतिक दल को अपनी संगठनात्मक रणनीति तय करने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि बसा हो, सपा हो या भाजपा और उसका एनडीए गठबंधन, हर पार्टी यह तय करती है कि किस नेता को किस वर्ग के बीच काम करने की जिम्मेदारी दी जाए। अगर मायावती ने अपने पुराने और वरिष्ठ नेता सतीश चंद्र मिश्रा को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है तो वह अपनी पार्टी के लिए काम करेंगे।

--आईएएनएस

पीएसके

Share this story