Samachar Nama
×

आजम खान मुस्लिम नेता हैं तो सपा किसी मुसलमान को मुख्यमंत्री चेहरा घोषित करे : ओपी राजभर

आजम खान मुस्लिम नेता हैं तो सपा किसी मुसलमान को मुख्यमंत्री चेहरा घोषित करे : ओपी राजभर
आजम खान मुस्लिम नेता हैं तो सपा किसी मुसलमान को मुख्यमंत्री चेहरा घोषित करे : ओपी राजभर

लखनऊ, 22 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। प्रदेश सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और वरिष्ठ नेता आजम खान को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर आजम खान वास्तव में मुस्लिम समाज के बड़े नेता हैं, तो उन्हें अखिलेश यादव से 2027 के विधानसभा चुनाव में किसी मुस्लिम नेता को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करने की मांग करनी चाहिए।

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि असदुद्दीन ओवैसी ने कभी खुद को मौलाना नहीं बताया है। वह सार्वजनिक रूप से कहते हैं कि वह बैरिस्टर हैं और इस बात को स्पष्ट कर चुके हैं। मुस्लिम समाज ने चार बार एक यादव नेता को मुख्यमंत्री बनाने के लिए वोट दिया है। ऐसे में अब अखिलेश यादव को किसी मुस्लिम नेता को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करना चाहिए।

राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्हें चुनौती से पीछे हटने वाला नेता बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव की अयोध्या आकर चुनाव लड़ने की चुनौती स्वीकार की थी, लेकिन अखिलेश खुद चुनाव लड़ने से पीछे हट गए। राजभर ने कहा कि वह सार्वजनिक मंच से यह बात कह रहे हैं कि अखिलेश यादव चुनौती देने के बाद खुद पीछे हट जाते हैं।

एनडीए की चुनावी तैयारियों पर राजभर ने कहा कि गठबंधन जनता से किए गए वादों को पूरा कर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लोकप्रिय नेताओं में शामिल हैं। एनडीए में शामिल सभी दल एक-दूसरे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्यक्रम कर रहे हैं। गठबंधन की सभी पार्टियां प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर चुनावी तैयारियां कर रही हैं। सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत चल रही है। जब सीटों का बंटवारा होगा, तब इसकी जानकारी दी जाएगी। उन्होंने दावा किया कि गठबंधन को जो भी सीटें मिलेंगी, उन सभी पर जीत हासिल होगी।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद जगदंबिका पाल ने भी अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने की कोशिश की, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। प्रदेश की जनता ने दोनों चुनावों में सपा को सत्ता से बाहर रखा। अखिलेश यादव भले ही 2027 में सरकार बनाने का सपना देख रहे हों, लेकिन जनता को सपा शासनकाल का दौर याद है। ऐसे में आगामी चुनाव में भी पिछले चुनावों जैसे परिणाम देखने को मिलेंगे।

जगदंबिका पाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में तीसरी बार एनडीए की सरकार बनेगी और गठबंधन जीत की हैट्रिक लगाएगा। अखिलेश यादव के अग्निवीर योजना से जुड़े मुद्दे पर भी उन्होंने कहा कि सेना भारत सरकार के अधीन आती है। ऐसे में उत्तर प्रदेश के चुनाव के आधार पर अखिलेश यादव चाहकर भी इस व्यवस्था को खत्म नहीं कर सकते।

--आईएएनएस

एसएके/एबीएम

Share this story