अयोध्या से लौट रहे श्रद्धालुओं की बस पेड़ से टकराई, 40 लोग घायल
मऊ, 29 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मऊ में भीषण सड़क हादसा हो गया। हलधरपुर थाना क्षेत्र के रतनपुरा-मुबारकपुर मार्ग पर शनिवार देर रात करीब 1:30 बजे अयोध्या से बलिया लौट रही श्रद्धालुओं से भरी बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में करीब 40 लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हैं। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जोगापुर सीएचसी और जिला अस्पताल मऊ में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, अयोध्या में 20 मार्च से 28 मार्च तक आयोजित श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ में शामिल होने के बाद श्रद्धालु अपने घर बलिया लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनते ही आसपास के ग्रामीण तत्काल मदद के लिए मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोगापुर और बाद में जिला अस्पताल मऊ में भर्ती कराया गया, जहां सभी लोगों का इलाज किया जा रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
इससे पहले, 23 मार्च को हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में पीलीभीत से दिल्ली जा रही उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बस अज्ञात वाहन की टक्कर से दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे में बस ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि 11 यात्री घायल हो गए थे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीलीभीत रोडवेज डिपो के केंद्र प्रभारी अमित कुमार ने पुलिस को बताया था कि 23 मार्च 2026 को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के पीलीभीत डिपो की बस संख्या यूपी 78 एलएन 6325 पीलीभीत से दिल्ली जा रही थी। तड़के करीब चार बजे बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में बस को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बस ड्राइवर मंगल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी।
--आईएएनएस
ओपी/एएस

