राम मंदिर चढ़ावा विवाद : साधु-संत बोले- जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई
अयोध्या, 30 जून (आईएएनएस)। विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार के उस बयान पर साधु-संतों ने प्रतिक्रिया दी जिसमें कहा गया था कि राम मंदिर ट्र्स्ट के किए गए किसी भी कार्य या चढ़ावे से विहिप का लेना-देना नहीं है। साथ ही, विहिप का इस विवाद से कोई भी वास्ता नहीं है।
महंत हिमांशु दास ने मंगलवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा, "आलोक कुमार ने जो कहा, वह सराहनीय है और पूरी तरह सच है। ट्रस्ट अपना काम कर रहा है। उसने सभी पहलुओं की जांच के निर्देश दिए हैं और जांच जारी है। जो भी दोषी पाया जाएगा, चाहे वह कोई भी हो, उसे कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी।"
उन्होंने कहा, "यह मंदिर का धन है, रामलला सरकार का धन है। यह समस्त सनातन समाज की आस्था से जुड़ा धन है। इसलिए जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।"
वहीं, महामंडलेश्वर विष्णु दास महाराज ने कहा, "आलोक कुमार ने सच कहा है। भगवान राम के भक्तों को जांच पर भरोसा है और सच्चाई सामने आ रही है। राम मंदिर से जुड़े मामले में लगातार नई बातें सामने आ रही हैं। जिसने भी चोरी की है और उसके पीछे जो भी मास्टरमाइंड है, उसे भी बख्शा नहीं जाएगा।"
उन्होंने कहा, "हमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर पूरा भरोसा है। चोरों के घरों पर बुलडोजर चलेगा और उन्हें जेल भी भेजा जाएगा। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में नए सदस्य शामिल होंगे। जिस तरह काशी विश्वनाथ में नए नियम लागू हैं, उसी प्रकार राम मंदिर में भी नए नियम लागू किए जाएंगे।"
विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय कार्याध्यक्ष आलोक कुमार के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए साकेत भवन मंदिर के महंत सीताराम दास ने कहा, "आलोक कुमार का बयान सराहनीय है। ट्रस्ट एसआईटी की जांच में सहयोग कर रहा है। एसआईटी के निर्देश पर आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं और उनसे धन भी बरामद किया गया है। ट्रस्ट अपनी नैतिक जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए जांच के हर पहलू में सहयोग कर रहा है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। सभी के खिलाफ त्वरित और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बुलडोजर का भी इस्तेमाल होगा, संपत्तियां जब्त की जाएंगी और उन्हें रामलला को सौंप दिया जाएगा।"
उन्होंने कहा, "ट्रस्ट ने ही एसआईटी के गठन के निर्देश दिए थे। ट्रस्ट जांच से जुड़े हर पहलू में पूरा सहयोग कर रहा है और आगे भी करता रहेगा।"
--आईएएनएस
एसएचके/एएस

