Samachar Nama
×

अयोध्या में ‘मछली खाने’ के आरोप पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सीएम के खिलाफ मानहानि परिवाद दाखिल किया

अयोध्या में ‘मछली खाने’ के आरोप पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सीएम के खिलाफ मानहानि परिवाद दाखिल किया
अयोध्या में ‘मछली खाने’ के आरोप पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सीएम के खिलाफ मानहानि परिवाद दाखिल किया

लखनऊ, 1 सितंबर (आईएएनएस)। अयोध्या में मछली खाने के आरोप को लेकर शुरू हुआ राजनीतिक विवाद अब अदालत की चौखट तक पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ लखनऊ की अदालत में आपराधिक मानहानि का परिवाद दाखिल किया।

अजय राय ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री की ओर से उनके खिलाफ बिना किसी तथ्य और प्रमाण के मछली खाने संबंधी बयान दिया गया, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा और सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचा है।

कांग्रेस की ओर से जारी मीडिया अपडेट के मुताबिक, अजय राय ने अपने अधिवक्ता संजीव पाण्डेय के माध्यम से जनपद न्यायालय लखनऊ में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आलोक वर्मा की अदालत में यह परिवाद दाखिल किया है। परिवाद में अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान को आधार बनाया है, जिसमें अयोध्या में निषाद सम्मेलन के दौरान उनके मत्स्य भोज में मछली खाने को लेकर टिप्पणी की गई थी।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का कहना है कि अयोध्या में राम जन्मभूमि और हनुमानगढ़ी के दर्शन के लिए गए थे और वहां राम निहाल निषाद की ओर से आयोजित निषाद सम्मेलन में मत्स्य भोज का आयोजन हुआ था। कांग्रेस की ओर से कहा गया है कि अजय राय ने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों से आहत होकर न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है।

अब इस मामले में अदालत की कार्यवाही के जरिए यह तय होगा कि परिवाद पर आगे किस प्रकार की कानूनी कार्रवाई की जाती है। अजय राय ने मुख्यमंत्री के आरोपों को पूरी तरह गलत और तथ्यहीन बताते हुए कहा है कि वह पूर्ण शाकाहारी हैं। उनका आरोप है कि उनके बारे में इस तरह का बयान देकर न केवल उनकी सार्वजनिक छवि को प्रभावित करने का प्रयास किया गया, बल्कि उन्हें मानसिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित भी किया गया।

बता दें कि अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की टिप्पणी के बाद शुरू हुआ यह विवाद अब सीधे उत्तर प्रदेश की सत्तारूढ़ भाजपा और कांग्रेस के शीर्ष प्रदेश नेतृत्व के बीच कानूनी टकराव का रूप लेता दिखाई दे रहा है।

--आईएएनएस

विकेटी/डीकेपी

Share this story

Tags