Samachar Nama
×

अयोध्या का दीपोत्सव इस बार तोड़ेगा पिछले सभी रिकॉर्ड, भव्य आयोजन की तैयारी

अयोध्या का दीपोत्सव इस बार तोड़ेगा पिछले सभी रिकॉर्ड, भव्य आयोजन की तैयारी
अयोध्या का दीपोत्सव इस बार तोड़ेगा पिछले सभी रिकॉर्ड, भव्य आयोजन की तैयारी

लखनऊ, 7 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में अयोध्या के दीपोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश सरकार के मंत्रियों ने इस बार दीपोत्सव के पहले से अधिक भव्य और ऐतिहासिक होने का दावा किया है। मंत्री सुरेश खन्ना और ओपी राजभर ने कहा कि अयोध्या में दीपोत्सव की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और यह आयोजन देश-दुनिया के आकर्षण का केंद्र बन चुका है। सरकार इस बार पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ने की तैयारी में है।

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सुरेश खन्ना ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों में अयोध्या में जो माहौल बना है, उसने देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के सामने एक मिसाल पेश की है। दीपोत्सव हमारी सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने पर जिस तरह पूरे नगर में खुशियां मनाई गई थीं, आज दीपोत्सव के दौरान वैसा ही दृश्य देखने को मिल रहा है।

सुरेश खन्ना ने रामचरित मानस के उत्तरकांड का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें भगवान श्रीराम की अयोध्या वापसी के समय नगर में छाई खुशियों और उत्सव का विस्तार से वर्णन मिलता है। आज अयोध्या में उसी परंपरा को भव्य रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रही है। जब से मौजूदा सरकार सत्ता में आई है, तब से अयोध्या में दीपावली और दीपोत्सव का आयोजन विशेष धूमधाम से किया जा रहा है। इससे पहले की सरकारों ने इस आयोजन पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया था। आज अयोध्या दुनियाभर के लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गई है। बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचकर दीपोत्सव में शामिल हो रहे हैं।

वहीं, यूपी सरकार के मंत्री ओपी राजभर ने कहा कि दीपोत्सव की लोकप्रियता दिन-प्रतिदिन बढ़ रही है और लोग लगातार इसकी ओर आकर्षित हो रहे हैं। इसी वजह से इस साल का आयोजन पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए और भी भव्य होगा। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार के कार्यकाल में एक बार फिर अयोध्या में ऐतिहासिक दीपोत्सव आयोजित होने जा रहा है।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर ओपी राजभर ने कहा कि अब उन्हें समझ में आ गया है कि अकेले भाजपा से मुकाबला करना काफी मुश्किल है। ऐसे में यदि आपसी बातचीत के बाद दोनों गुट एक होने का फैसला करते हैं, तो यह उनके लिए अच्छी बात है।

एसआईआर अभियान पर प्रतिक्रिया देते हुए राजभर ने कहा कि चुनाव आयोग समय-समय पर यह प्रक्रिया इसलिए कराता है, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटने न पाए। आयोग लगातार अभियान चलाकर लोगों को अपना नाम जुड़वाने और जरूरी प्रक्रिया पूरी करने का अवसर देता है। यदि लोग स्वयं जागरूक होकर पहल नहीं करते हैं, तो इसमें चुनाव आयोग क्या कर सकता है।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम

Share this story