Samachar Nama
×

अयोध्या दीपोत्सव की तैयारी तेज, योगी के नेतृत्व में इस बार और भव्य होगा आयोजन : वेदप्रकाश

अयोध्या दीपोत्सव की तैयारी तेज, योगी के नेतृत्व में इस बार और भव्य होगा आयोजन : वेदप्रकाश
अयोध्या दीपोत्सव की तैयारी तेज, योगी के नेतृत्व में इस बार और भव्य होगा आयोजन : वेदप्रकाश

अयोध्या, 24 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में इस साल भी दीपोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। भाजपा विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने बताया कि इस बार दीपोत्सव और भी भव्य और दिव्य होगा, जिसमें 30 लाख से अधिक दीये जलाए जाने की उम्मीद है। इसके लिए राम की पैड़ी का विस्तार और सौंदर्यीकरण किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु शामिल हो सकें।

भाजपा विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने आईएएनएस से दीपोत्सव की तैयारियों को लेकर कहा, "इस बार भी भव्य और दिव्य दीपोत्सव मनाया जाएगा। करीब 30 लाख से ऊपर दीये प्रज्ज्वलित होंगे। हम लोगों ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।"

उन्होंने बताया कि राम की पैड़ी पर नए घाटों का निर्माण और विस्तार का कार्य चल रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महसूस किया कि दीपोत्सव में शामिल होने के लिए पूरे देश और दुनिया से बड़ी संख्या में लोग अयोध्या आना चाहते हैं, जिससे जगह की कमी महसूस होती थी। इसी को ध्यान में रखते हुए राम की पैड़ी के विस्तार और नए घाटों के निर्माण का कार्य किया जा रहा है।

विधायक वेदप्रकाश गुप्ता ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री योगी ने हाल ही में अयोध्या का दौरा कर तैयारियों का निरीक्षण किया था। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सभी कार्य समय पर पूरे कर लिए जाएं।

उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि यह काम जल्द ही पूरा हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने दो दिन पहले ही पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया था, ताकि यह काम सबसे पहले पूरा हो सके। हम लोग लगातार तैयारी में जुटे हैं और निश्चित रूप से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इस बार का दीपोत्सव और भी भव्य और दिव्य होगा।"

गौरतलब है कि अयोध्या का दीपोत्सव हर साल नए रिकॉर्ड बनाता है। पिछले साल भी लाखों दीयों से सरयू के घाट जगमगा उठे थे और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बना था। इस बार प्रशासन का लक्ष्य पिछले सभी रिकॉर्डों को तोड़ने का है। दीपोत्सव के दौरान राम की पैड़ी के अलावा अयोध्या के सभी प्रमुख मंदिरों और घाटों को भी रोशनी से सजाया जाएगा।

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम

Share this story