अयातुल्ला खामेनेई की मौत की वजह से सादगी से मनाई जा रही ईद : आशक हुसैन खान
जम्मू, 21 मार्च (आईएएनएस)। ईद के मौके पर जम्मू प्रांत के शिया फेडरेशन अध्यक्ष आशक हुसैन खान ने आईएएनएस से कहा कि इस साल ईद बड़ी सादगी से मनाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि हमारे नेता अयातुल्ला खामेनेई की मौत हो गई है। हमारी आंखें आंसुओं से भरी हैं और हमारा दिल दुखी है, इसलिए ईद को संयम से मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिंदू और सिख समुदाय के लोग भी हमारे साथ हैं। उन्होंने कहा कि ईद के मौके पर शांति के लिए दुआ करेंगे।
जम्मू के बठिंडी स्थित जामिया मस्जिद के इमाम सैयद जावर हुसैन जाफरी ने आईएएनएस से कहा कि हमारे प्रख्यात धार्मिक विद्वान सैयद मुजतबा खामेनेई इज़रायल व अमेरिका जैसी इस्लाम विरोधी ताकतों के खिलाफ जंग लड़ रहे हैं। अयातुल्ला खामेनेई की मौत की खबर की वजह से इस बार ईद सादगी से मनाई जा रही है।
इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया (ईदगाह) के अध्यक्ष मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने आईएएनएस से कहा कि सुबह 10 बजे नमाज पढ़ी गई जिसमें राष्ट्र की प्रगति और विश्व शांति के लिए दुआएं की गईं। वहीं, एआईएमआईएम के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान ने कहा कि मैं देश के सभी लोगों को ईद की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।
बता दें कि ईद-उल-फितर के मौके पर शनिवार को दिल्ली के जामा मस्जिद में काफी बड़ी तादाद में लोग इकट्ठा हुए और सबने मिलकर ईद की नमाज अदा की। सभी लोगों ने नमाज अदा करने के बाद एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।
आईएएनएस से बातचीत में दिल्ली के एक शख्स ने बताया कि एक महीने के रोजे रखने के बाद ईद का दिन आता है, इसलिए इसका इंतजार हर किसी को रहता है। ये दिन अल्लाह की तरफ से एक खास इनाम होता है। पूरे महीने सब्र, इबादत और खुदा की बंदगी करने के बाद ये खुशी का दिन नसीब होता है। यही वजह है कि लोग इसे बहुत प्यार और इज्जत के साथ मनाते हैं।
--आईएएनएस
एसडी/पीएम

