तेहरान में अयातुल्ला अली खामेनेई की अंतिम यात्रा शुरू, वीडियो में जाने लाखों लोगों का जनसैलाब उमड़ा
ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की अंतिम यात्रा सोमवार सुबह राजधानी तेहरान में शुरू हो गई। अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि देने के लिए सुबह से ही लाखों लोग सड़कों पर उमड़ पड़े। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच अंतिम यात्रा निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ रही है।
ग्रैंड मोसल्ला से निकली अंतिम यात्रा
अयातुल्ला अली खामेनेई का पार्थिव शरीर तेहरान स्थित ग्रैंड मोसल्ला से अंतिम यात्रा के लिए रवाना किया गया। यह यात्रा करीब 10 किलोमीटर लंबे मार्ग से होकर गुजरेगी और इसके 10 से 12 घंटे तक चलने का अनुमान है।
लाखों लोगों ने दी अंतिम विदाई
सुबह से ही तेहरान की सड़कों पर श्रद्धांजलि देने वालों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बड़ी संख्या में लोग अंतिम यात्रा में शामिल होकर अपने नेता को भावभीनी विदाई दे रहे हैं। पूरे मार्ग पर भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
अंतिम यात्रा के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। यात्रा में बड़ी संख्या में सरकारी अधिकारी, धार्मिक नेता और सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए हैं। प्रशासन ने पूरे रूट पर सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी है।
कोम में होंगी आगे की धार्मिक रस्में
तेहरान में अंतिम यात्रा पूरी होने के बाद अयातुल्ला अली खामेनेई के पार्थिव शरीर को धार्मिक परंपराओं के अनुसार आगे की रस्मों के लिए पवित्र शहर कोम ले जाया जाएगा, जहां अंतिम धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।
आधुनिक ईरान का सबसे बड़ा सार्वजनिक जमावड़ा
ईरान की समाचार एजेंसी तसनीम और सरकारी चैनल प्रेस टीवी के अनुसार, अयातुल्ला अली खामेनेई की अंतिम यात्रा में उमड़ी भीड़ आधुनिक ईरान के इतिहास का सबसे बड़ा सार्वजनिक जमावड़ा मानी जा रही है। लाखों लोगों की मौजूदगी ने इस अंतिम विदाई को ऐतिहासिक बना दिया है।

