Samachar Nama
×

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी दो टी20 मुकाबलों के लिए इंग्लैंड टीम में बदलाव, अहमद और ट्राइब को मौका

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी दो टी20 मुकाबलों के लिए इंग्लैंड टीम में बदलाव, अहमद और ट्राइब को मौका
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी दो टी20 मुकाबलों के लिए इंग्लैंड टीम में बदलाव, अहमद और ट्राइब को मौका

ब्रिसबेन, 27 नवंबर (आईएएनएस)। इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी दो टी20 मुकाबलों के लिए लेग-स्पिन ऑलराउंडर रेहान अहमद और ग्लैमॉर्गन के बल्लेबाज एशा ट्राइब को टीम में बुलाया है। यह मुकाबले सिडनी और कैनबरा में खेले जाने हैं।

इन दोनों खिलाड़ियों को पहले साउथ अफ्रीका में 'इंग्लैंड लायंस' के साथ जुड़ना था, लेकिन अब उन्हें ऑस्ट्रेलिया भेज दिया गया है। उम्मीद है कि ये दोनों खिलाड़ी सिडनी में टीम के साथ शामिल हो जाएंगे।

अहमद शुरुआती टीम में जगह नहीं बना सके थे, लेकिन वह जैक्स की जगह लेने के लिए सबसे उपयुक्त खिलाड़ी हैं। उन्होंने 'इंग्लैंड लायंस' की ओर से वेस्टइंडीज 'ए' के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करके फिर से टीम में अपनी जगह बनाई। इसमें सेंट किट्स में खेले गए 50 ओवरों के एक मैच में उनका शतक और पांच विकेट लेना शामिल था।

ट्राइब 'वेल्श काउंटी टीम' से इंग्लैंड की पुरुष टी20 टीम में चुने जाने वाले पहले खिलाड़ी हैं। साल 2005 में साइमन जोन्स के बाद, यह क्लब का पहला खिलाड़ी है जिसे इंग्लैंड की टीम में किसी भी फॉर्मेट के लिए चुना गया है।

हालांकि, ट्राइब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए नए नहीं हैं। इस ओपनर ने अपने देश के लिए 31 मैच खेले हैं। उनका करियर बहुत तेजी से आगे बढ़ा है। ट्राइब 2022 में कार्डिफ मेट्रोपॉलिटन यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करने के लिए कार्डिफ आए थे, जहां उन्होंने यूनिवर्सिटी प्रोग्राम और ग्लैमॉर्गन की दूसरी टीम के जरिए खुद को साबित किया।

उन्हें 2024 के लिए एक शुरुआती कॉन्ट्रैक्ट मिला और एक साल बाद सीनियर कॉन्ट्रैक्ट मिल गया। 2025 में, उन्हें ग्लैमॉर्गन के पहले तीन काउंटी चैंपियनशिप मुकाबलों में नहीं चुना गया था, लेकिन बाद में उन्होंने ओपनर के तौर पर लगभग 1,000 रन बनाए, जिसमें नॉर्थम्प्टन में लगाया गया 'दोहरा शतक' भी शामिल है। वह टी20 ब्लास्ट में छठे नंबर पर एक अहम फिनिशर भी बने और वनडे कप में क्लब के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे।

इसके बाद, उन्होंने ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ इंग्लैंड लायंस की ओर से शतक लगाया। फिर 2026 के सीजन में उन्होंने चैंपियनशिप में लगभग 1,000 रन बनाए, जिसमें सरे और एसेक्स के खिलाफ शतक भी शामिल थे। उन्होंने एसए20 में पार्ल रॉयल्स के लिए ओपनिंग भी की है और 'द हंड्रेड' में वेल्श फायर के लिए भी खेले हैं।

अहमद और ट्राइब के जाने के बाद, लायंस ने साउथ अफ्रीका में होने वाले 50 ओवरों के मुकाबलों के लिए बेन केलावे, चार्ली एलिसन और कालेब फाल्कनर को टीम में शामिल किया है। वहीं, चार दिवसीय मुकाबलों के लिए इंग्लैंड लायंस की टीम में रिकार्डो वास्कोनसेलोस को जगह दी गई है।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story