Samachar Nama
×

ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस और उनकी पत्नी के बीच बहस की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस और उनकी पत्नी के बीच बहस की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस और उनकी पत्नी के बीच बहस की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

नई दिल्ली, 12 नवंबर (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कमिंस का ये वीडियो उस्मान ख्वाजा के बॉल-टैम्परिंग विवाद पर उनके प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की घोषणा की चर्चा के बीच वायरल है।

वीडियो में वह अपनी पत्नी बेकी के साथ बात करते हुए नजर आ रहे हैं। द ऑस्ट्रेलियन द्वारा बुधवार को प्रकाशिक वीडियो फुटेज के मुताबिक, कमिंस और बेकी को पास की एक प्रॉपर्टी में जाने से पहले बातचीत करते हुए देखा गया। टी-शर्ट और शॉर्ट्स पहने, ऑस्ट्रेलियाई कप्तान इस बातचीत के दौरान काफी शांत दिखे। वहीं, उनकी पत्नी गुस्सैल अंदाज में नजर आ रही थीं। हालांकि, दोनों के बीच क्या बातचीत हो रही थी, इसकी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।

उस्मान ख्वाजा की हाल में प्रकाशित किताब 'सब्र' में बॉल-टैम्परिंग विवाद पर किए गए उनके दावों पर कमिंस प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले हैं। इसकी घोषणा कमिंस ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर की है।

कमिंस ने एक्स पर लिखा, "मैं कल सुबह क्रिकेट सेंट्रल में ट्रेनिंग कर रहा हूं, इससे पहले कि ब्लूज शील्ड मैच खेलें। इस सप्ताह की घटनाओं के बारे में सुबह 9.30 बजे किसी भी और सभी मीडिया से बात करके खुशी होगी। मैंने उस्मान के आरोपों की लंबी सूची और पूरे विषय को बेहतर ढंग से समझने के लिए कुछ समय लिया है ताकि मैं ठीक से जवाब दे सकूं।"

उन्होंने लिखा, "इसके बाद कृपया रुकें और ब्लूज को सपोर्ट करें। मैं क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) से डिटेल्स भेजने के लिए कहूंगा।"

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने अपनी किताब 'सब्र' में 2018 में केपटाउन में दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए टेस्ट में हुए बॉल-टैंपरिंग विवाद का जिक्र किया है। ख्वाजा ने कहा है कि इस घटना के लिए डेविड वॉर्नर, स्टीव स्मिथ और कैमरन बैनक्रॉफ्ट को जिम्मेदार ठहराया गया था, जबकि पूरी टीम को इसकी जानकारी थी।

बॉल-टैंपरिंग मामले की जानकारी पूरी टीम को होने के ख्वाजा के दावे ने विवाद खड़ा कर दिया है।

कमिंस उस टेस्ट का हिस्सा थे, इसलिए उनके बयान का क्रिकेट फैंस को इंतजार है।

--आईएएनएस

पीएके

Share this story