Samachar Nama
×

अखिलेश के मंदिर वाले बयान पर मंत्री अनिल राजभर बोले-‘औरंगजेब की बात करने वालों को प्रभु कैसे बुलाएंगे'

अखिलेश के मंदिर वाले बयान पर मंत्री अनिल राजभर बोले-‘औरंगजेब की बात करने वालों को प्रभु कैसे बुलाएंगे'
अखिलेश के मंदिर वाले बयान पर मंत्री अनिल राजभर बोले-‘औरंगजेब की बात करने वालों को प्रभु कैसे बुलाएंगे'

लखनऊ, 29 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के राम मंदिर से जुड़े बयान पर तंज कसते हुए कहा कि औरंगजेब की बात करने वालों को प्रभु श्रीराम कैसे बुलाएंगे।

अखिलेश यादव से जब राम मंदिर में दर्शन से जुड़ा सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि जब भगवान बुलाते हैं, तभी कोई व्यक्ति दर्शन के लिए जाता है। अखिलेश के इस बयान पर मंगलवार को मंत्री अनिल राजभर ने पलटवार किया।

आईएएनएस से बातचीत में मंत्री ने कहा कि मसूद की मजार को सजाने वाले और बाबर तथा औरंगजेब की बात करने वालों को प्रभु श्रीराम कैसे बुलाएंगे। जिन लोगों ने सनातन का हमेशा से अपमान किया, उन्हें प्रभु बुलाएंगे भी नहीं। ऐसे लोगों में हिम्मत नहीं है कि जाकर दर्शन कर लें। अगर वह ऐसा करेंगे तो उनके टोपी वाले भाई नाराज हो जाएंगे, इसलिए जाने की हिम्मत नहीं है। अखिलेश यादव भगवान पर सवाल खड़े कर रहे हैं। इस बात से उनकी मानसिकता को समझा जा सकता है। समाजवादी पार्टी ने कभी सनातन की बात नहीं की। उनकी चालाकी और मक्कारी भरी टिप्पणी को सनातनी समझता है, यूपी का सम्मानित व्यक्ति भी समझता है।

इंडिया ब्लॉक की बैठक में अखिलेश यादव के शामिल नहीं होने पर मंत्री ने कहा कि इंडिया ब्लॉक का वजूद नहीं है। पश्चिम बंगाल का चुनाव बीता, इंडिया ब्लॉक दिखा नहीं बल्कि दिल्ली, हरियाणा का चुनाव बीतने के बावजूद कहीं भी इंडिया ब्लॉक नहीं दिखा। पंजाब में क्या हो रहा है, सभी देख रहे हैं। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी में बयानबाजी हो रही है। फिर किस बात का इंडिया ब्लॉक? यह जनता को ठगने वाले लोग हैं। रोज एजेंडा और मुद्दा बदलते हैं। जनता की आंखों में धूल झोंकते हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सपा को गिरगिट कहे जाने पर मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि मुख्यमंत्री हमेशा इस बात को कहते भी हैं। इसमें झूठ कहां है, कहां असत्य है, बताइए? सपा नेताओं की ओर से रोज मुद्दे बदलने की कोशिश हो रही है। हर जगह राजनीति करने का प्रयास हो रहा है। समाजवादी पार्टी जनता को गुमराह करने का कोई मौका नहीं छोड़ती।

--आईएएनएस

डीकेएम/पीएम

Share this story