Samachar Nama
×

ऑगमोंट एंटरप्राइजेज ने बीते वर्ष आईपीओ प्राइस से कम दाम पर जारी किए शेयर, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर निर्भरता को बताया बड़ा जोखिम

ऑगमोंट एंटरप्राइजेज ने बीते वर्ष आईपीओ प्राइस से कम दाम पर जारी किए शेयर, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर निर्भरता को बताया बड़ा जोखिम
ऑगमोंट एंटरप्राइजेज ने बीते वर्ष आईपीओ प्राइस से कम दाम पर जारी किए शेयर, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर निर्भरता को बताया बड़ा जोखिम

मुंबई, 21 अगस्त (आईएएनएस)। बुलियन सेक्टर में कारोबार करने वाली कंपनी ऑगमोंट एंटरप्राइजेज का इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (आईपीओ) शुक्रवार से आम निवेशकों के लिए खुल गया है, लेकिन कंपनी ने सेबी के पास जमा किए दस्तावेजों में बताया कि उसने एक साल पहले इश्यू प्राइस 750-788 रुपए प्रति शेयर के मुकाबले कम दाम पर इक्विटी शेयर जारी किए थे।

कंपनी ने आरएचपी (रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस) में बताया कि उसने 29 अगस्त, 2025 को उत्पल हेमेंद्र सेठ को प्राइवेट प्लेसमेंट आधार पर 5 रुपए की फेस वैल्यू वाले 2,94,760 इक्विटी शेयर 678.51 रुपए प्रति शेयर के दाम पर जारी किए थे।

कंपनी ने कहा,"हमारी कंपनी ने पहले जिन कीमतों पर इक्विटी शेयर जारी किए हैं, वे उस कीमत का संकेत नहीं देतीं, जिस पर उन्हें भविष्य में जारी या ट्रेड किया जाएगा।"

ऑगमोंट एंटरप्राइजेज ने आरएचपी में आगे बताया कि उनका अधिकतर कारोबार दो ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म 'ऑगमोंट स्पॉट' और 'ऑगमोंट गोल्ड फॉर ऑल' पर निर्भर करता है। इन दोनों प्लेटफॉर्म का स्वामित्व और संचालन का अधिकार कंपनी के पास है। अगर इन दोनों डिजिटल प्लेटफॉर्म में डेटा सिक्योरिटी ब्रीच या कोई अन्य दिक्कत आती है और इससे कंपनी के बिजनेस और प्रतिष्ठा पर बुरा असर पड़ सकता है।

ऑगमोंट स्पॉट प्लेटफॉर्म, वैध जीएसटी रजिस्ट्रेशन वाले ज्वैलर्स, बुलियन डीलर्स और मैन्युफैक्चरर्स जैसे व्यवसायों को ऑनलाइन सोने और चांदी की बार खरीदने और उनकी पक्की फिजिकल डिलीवरी पाने की सुविधा देता है।

ऑगमोंट गोल्ड फॉर ऑल प्लेटफॉर्म ग्राहकों को डिजिटल रूप से सोना और चांदी खरीदने, बेचने और स्टोर करने, सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (एसआईपी) के जरिए सोना खरीदने, अपना पुराना सोना बेचकर पैसे प्राप्त करने और 1 ग्राम से शुरू होने वाली ज्वेलरी खरीदने की सुविधा देता है।

वित्त वर्ष 26 की कंपनी की परिचालन से आय में ऑगमोंट स्पॉट की हिस्सेदारी 86.80 प्रतिशत और ऑगमोंट गोल्ड फॉर ऑल की हिस्सेदारी 3.20 प्रतिशत थी।

इसके अलावा, कंपनी ने रिस्क फैक्टर्स में आगे बताया कि उनका बिजनेस सोने और चांदी की लगातार और किफायती खरीद पर निर्भर करता है और जिन देशों या इलाकों से कंपनी अभी बुलियन आयात करती है, उन पर प्रतिबंध, आयात शुल्क या निर्यात नियंत्रण लग जाते हैं, तो इसका हमारे बिजनेस, कामकाज के नतीजों और आर्थिक स्थिति पर बुरा असर पड़ सकता है।ऑगमोंट एंटरप्राइजेज का आईपीओ 25 अगस्त तक आम निवेशकों के लिए खुला रहेगा। इसका आईपीओ का आकार 825 करोड़ रुपए का है, जिसमें फ्रेश इश्यू 620 करोड़ रुपए तक और ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) 205 करोड़ रुपए तक है।

--आईएएनएस

एबीएस

Share this story