Samachar Nama
×

असम: रिश्वतखोरी मामले में रेलवे इंजीनियर गिरफ्तार, सीबीआई ने रंगे हाथों पकड़ा

गुवाहाटी, 14 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने असम के सिलचर स्थित पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफ रेलवे) के एक वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (सीनियर सेक्शन इंजीनियर-एसएसई) को रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तार किया। आरोपी अधिकारी सी एंड डब्ल्यू विभाग में तैनात था।

सीबीआई की ओर से रविवार को जारी प्रेस नोट में बताया गया कि एजेंसी ने इस मामले में 13 जून को प्राथमिकी दर्ज की थी। जांच एजेंसी के अनुसार, शिकायतकर्ता ठेकेदार द्वारा पहले ही पूरा किए जा चुके कार्य का लगभग 20 लाख रुपए का बिल भुगतान के लिए लंबित था, जिसकी स्वीकृति आरोपी अधिकारी के स्तर पर होनी थी।

आरोप है कि 12 जून 2026 को जब शिकायतकर्ता ने आरोपी वरिष्ठ अनुभाग अभियंता से मुलाकात कर बिल को जल्द पारित करने का अनुरोध किया, तब अधिकारी ने बिल की प्रक्रिया पूरी करने और भुगतान जारी करने के एवज में कुल लंबित राशि का एक प्रतिशत रिश्वत के रूप में मांगा। यह रकम 20 हजार रुपए बताई गई।

शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने यह कार्रवाई की। एजेंसी की टीम ने आरोपी को शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपए की रिश्वत मांगते और स्वीकार करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। आरोपी को 14 जून को गुवाहाटी स्थित सक्षम न्यायालय में पेश किया जाएगा।

जांच एजेंसी ने बताया कि आरोपी के आवासीय परिसरों पर तलाशी की कार्रवाई भी जारी है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

इससे पहले, भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की जबलपुर टीम ने शहडोल में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सहायक प्रबंधक अभयंकर शर्मा को 10 हजार रुपए की घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। आरोपी अधिकारी ने बैंकिंग कियोस्क के संचालन की अनुमति देने के एवज में इस राशि की मांग की थी। सीबीआई ने 11 जून को यह गिरफ्तारी की थी।

--आईएएनएस

पीएसके

Share this story

Tags