Samachar Nama
×

असम राइफल्स में 354 पदों पर भर्ती, 28 सितंबर से शुरू होंगे आवेदन

असम राइफल्स में 354 पदों पर भर्ती, 28 सितंबर से शुरू होंगे आवेदन
असम राइफल्स में 354 पदों पर भर्ती, 28 सितंबर से शुरू होंगे आवेदन

शिलांग, 21 सितंबर (आईएएनएस)। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। असम राइफल्स ने टेक्निकल और ट्रेड्समैन भर्ती रैली 2026 के तहत राइफलमैन समेत 354 पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। यह भर्ती डायरेक्टरेट जनरल असम राइफल्स, शिलांग की ओर से निकाली गई है।

असम राइफल्स की ओर से जारी 354 रिक्तियों में वारंट ऑफिसर (साइफर) के 124, राइफलमैन (इलेक्ट्रिकल फिटर सिग्नल) के 32, राइफलमैन (लाइनमैन फील्ड) के 21, राइफलमैन (आर्मरर) के 29, राइफलमैन (इंजीनियर इक्विपमेंट मैकेनिक) के 10, राइफलमैन (रिकवरी व्हीकल मैकेनिक) के 13, राइफलमैन (इलेक्ट्रिशियन मोटर व्हीकल) के 22, हवलदार (इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक) के 6, राइफलमैन (मेटलस्मिथ) के 19, राइफलमैन (अपहोल्स्टर) के 3, राइफलमैन स्टोर कीपर टेक्निकल (इलेक्ट्रिकल मैकेनिकल इंजीनियर) के 16, राइफलमैन (व्हीकल मैकेनिक) के 23, राइफलमैन (वेल्डर) के 2, वारंट ऑफिसर (ड्राफ्ट्समैन) के 2, वारंट ऑफिसर (ऑपरेशन थिएटर टेक्नीशियन) का 1, वारंट ऑफिसर (फिजियोथेरेपिस्ट) के 2 और राइफलमैन (मेसन) के 29 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 28 सितंबर से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 28 अक्टूबर तक तय की गई है। एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार असम राइफल्स की आधिकारिक वेबसाइट पर संबंधित पदों के लिए आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड/संस्थान से पद से संबंधित विषय के अनुसार 10वीं या 12वीं, 2/3 वर्ष का डिप्लोमा या आईटीआई सर्टिफिकेट होना चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास पद के अनुसार प्रासंगिक क्षेत्र में निर्धारित कम से कम एक वर्ष का अनुभव होना भी जरूरी है।

आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु पद के अनुसार 23 से 25 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन शारीरिक मानक परीक्षण (पीएसटी) और शारीरिक दक्षता परीक्षण (पीईटी), दस्तावेज सत्यापन (डीवी), कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी), ट्रेड स्किल टेस्ट, विस्तृत मेडिकल जांच (डीएमई) और समीक्षा मेडिकल जांच (आरएमई) एवं अंतिम मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी असम राइफल्स के वेतनमान नियमों के अनुसार होगी।

आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 100 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पूर्व-सैनिक को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

--आईएएनएस

डीके/वीसी

Share this story