असम: गायक जुबीन गर्ग की पहली पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब, फैंस ने गीतों से दी श्रद्धांजलि
गुवाहाटी, 19 सितंबर (आईएएनएस)। असम के मशहूर गायक जुबीन गर्ग की पहली पुण्यतिथि के मौके पर सोनापुर स्थित जुबीन क्षेत्र में सैकड़ों फैंस, परिवार के सदस्य और कलाकार इकट्ठा हुए। गुवाहाटी के बाहरी इलाके में स्थित यह अस्थायी स्मारक स्थल जहां गायक का अंतिम संस्कार किया था, वहां फैंस ने जुबीन गर्ग के गाने गाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
असम सरकार के सांस्कृति विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय श्रद्धांजलि कार्यक्रम गुरुवार सुबह प्रार्थना के साथ हुआ, जिसके बाद दोपहर में 'नाम-प्रसंग' का कार्यक्रम रखा गया है।
दूसरे दिन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की योजना बनाई गई है, जबकि आखिरी दिन भागवत पाठ और असम की पारंपरिक वैष्णव नाट्य प्रस्तुति भाओना का आयोजन होगा, जिसके माध्यम से कलाकार राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं को दर्शाएंगे।
असम सरकार ने तीन दिन के कार्यक्रम के दौरान आने वाले लोगों की सुविधा और संभावित भीड़ को संभालने के लिए स्मारक स्थल पर व्यवस्थाओं में मदद की है।
आयोजकों ने प्रशंसकों और आने वाले लोगों से अपील की है कि वे पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन बनाए रखें और शांति से हिस्सा लें। यह अपील इसलिए की गई है, क्योंकि असम की सांस्कृतिक पहचान में कलाकार के योगदान को याद करने के लिए जुबीन क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की उम्मीद है। इसी के साथ ही, गायक शान ने भी अपने करीबी दोस्त और असमिया म्यूजिक आइकन जुबीन गर्ग को उनकी पहली बरसी पर एक नया गाना डेडिकेट करते हुए ट्रिब्यूट दिया।
शान ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर जुबीन के विजुअल्स वाला एक वीडियो शेयर किया। उन्होंने लिखा, "जुबीन अमर रहें, वो सबका अपना और हमेशा रहेगा।" इस गाने को शान ने गायिका महालक्ष्मी के साथ मिलकर गाया है।
जुबीन गर्ग नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के सिलसिले में पिछले साल सिंगापुर गए थे। उन्हें 20 सितंबर को वहां परफॉर्म करना था। लेजरस आइलैंड के पास स्विमिंग करते समय उनकी मौत हो गई थी। अगले ही दिन उन्हें नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल में परफॉर्म करना था।
--आईएएनएस
एनएस/वीसी

