असम बाढ़: ऑपरेशन 'जल राहत' के तहत सेना का राहत अभियान जारी, 1,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला
गुवाहाटी, 29 जुलाई (आईएएनएस)। असम में आई विनाशकारी बाढ़ के बीच भारतीय सेना का राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।
सेना ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि 'ऑपरेशन जल राहत' के तहत जवान नागरिक प्रशासन, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और स्थानीय एजेंसियों के साथ मिलकर प्रभावित क्षेत्रों में लगातार मानवीय सहायता पहुंचा रहे हैं।
भारतीय सेना ने बताया कि स्पीयर कोर के जवान बाढ़ प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने, चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने, क्षतिग्रस्त संपर्क मार्गों को बहाल करने और दूर-दराज के इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। सेना ने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में फंसे परिवारों तक सहायता पहुंचाने के लिए लॉजिस्टिक ड्रोन का भी अभिनव तरीके से इस्तेमाल किया जा रहा है।
सेना के अनुसार, ऑपरेशन जल राहत शुरू होने के बाद से अब तक 1,000 से अधिक नागरिकों को सुरक्षित बचाया जा चुका है। इसके अलावा 200 से अधिक लोगों को चिकित्सा सहायता प्रदान की गई है, ताकि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
भारतीय सेना ने बताया कि राहत अभियान के तहत अब तक 19 टन अनाज वितरित किया गया है। इसके साथ ही 30,500 से अधिक फूड पैकेट और 43,000 लीटर से अधिक पेयजल प्रभावित लोगों तक पहुंचाया गया है। राहत सामग्री में ताजी सब्जियां, दूध, कपड़े, स्वच्छता किट और अन्य आवश्यक वस्तुएं भी शामिल हैं।
भारतीय सेना ने कहा कि वह असम के लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है और जहां भी जरूरत होगी, वहां राहत, सहायता और भरोसा पहुंचाने के अपने मानवीय अभियान को पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी रखेगी। सेना ने दोहराया कि बाढ़ प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद के लिए उसके जवान लगातार मैदान में डटे हुए हैं।
--आईएएनएस
डीएससी

