एशियन पैरा गेम्स: डोपिंग उल्लंघन के चलते उज्बेकिस्तान की मोखिगुल खमदमोवा अयोग्य घोषित, परिणाम रद्द
नई दिल्ली, 26 नवंबर (आईएएनएस)। एशियन पैरालंपिक कमिटी (एपीसी) ने उज्बेकिस्तान की पैरा एथलीट मोखिगुल खमदमोवा को एशियन पैरा गेम्स 2026 से 'अयोग्य' घोषित कर दिया है। जांच में उनके सैंपल में 'ड्रोस्टानोलोन' नामक प्रतिबंधित पदार्थ पाया गया। इस नियम उल्लंघन के कारण महिला डिस्कस थ्रो में उनका चौथा स्थान और शॉट पुट में उनका सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रद्द कर दिया गया है।
22 अक्टूबर 2026 को महिला शॉट पुट (एफ55/56/57) फाइनल के दौरान लिए गए यूरिन सैंपल में खमदमोवा का टेस्ट पॉजिटिव आया। 'ड्रोस्टानोलोन' एक एनाबॉलिक एंड्रोजेनिक स्टेरॉयड है, जो वर्ल्ड एंटी-डोपिंग एजेंसी (वाडा) की 2026 की प्रतिबंधित सूची की श्रेणी एस1.1 में आता है। इसे एक ऐसा पदार्थ माना जाता है, जिस पर हर समय प्रतिबंध रहता है।
मामले के समाधान तक, एपीसी ने 4 नवंबर को एथलीट को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया था। बाद में, उन्होंने एपीसी के एंटी-डोपिंग नियमों के अनुच्छेद 2.1 (पदार्थ की मौजूदगी) और 2.2 (पदार्थ का उपयोग) के तहत नियमों के उल्लंघन को स्वीकार कर लिया। साथ ही, उन्होंने एपीसी एंटी-डोपिंग कमिटी के सामने सुनवाई के अपने अधिकार को भी छोड़ दिया।
लागू नियमों के अनुसार, इन खेलों के दौरान खमदमोवा के जीते गए सभी मेडल, खिताब, रैंकिंग प्वाइंट्स और पुरस्कार अपने आप रद्द हो गए हैं। हालांकि, उन्होंने इस महाद्वीपीय पैरा-स्पोर्ट इवेंट में कोई मेडल नहीं जीता था, लेकिन अयोग्य घोषित किए जाने के कारण उनके दो महत्वपूर्ण प्रदर्शन रद्द कर दिए गए हैं।
महिला डिस्कस थ्रो (एफ56/57) में 31.85 मीटर के उनके 'गेम्स-रिकॉर्ड' प्रदर्शन को रद्द कर दिया गया है, जिससे उन्हें चौथा स्थान मिला था। इसके अलावा, महिला शॉट पुट (एफ55/56/57) फाइनल में 9.42 मीटर का उनका इस सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी 'अमान्य' कर दिया गया है। एपीसी ने आगे बताया कि खमदमोवा ने समिति की तरफ से लगाए गए परिणामों को स्वीकार कर लिया है और एंटी-डोपिंग नियमों के उल्लंघन या उससे जुड़ी पाबंदियों को चुनौती देने के अपने किसी भी अधिकार को हमेशा के लिए छोड़ दिया है।
उनके मामले को अब औपचारिक रूप से इंटरनेशनल पैरालंपिक कमिटी (आईपीसी) और वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स के पास भेज दिया गया है। वे तय करेंगे कि 'वर्ल्ड एंटी-डोपिंग कोड' के तहत, एशियन पैरा गेम्स के बाद भी उन पर और अधिक समय के लिए अयोग्यता लागू की जाए या नहीं।
एपीसी ने फिर से स्पष्ट किया कि एथलीट अपने सैंपल में पाए गए किसी भी प्रतिबंधित पदार्थ, उसके मेटाबोलाइट्स या मार्कर के लिए व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होते हैं, चाहे उनका सेवन जानबूझकर किया गया हो या अनजाने में।
समिति ने डोपिंग-मुक्त खेल माहौल बनाए रखने के अपने संकल्प को भी दोहराया और कहा कि उनके एंटी-डोपिंग नियम 'वर्ल्ड एंटी-डोपिंग कोड' के अनुसार ही लागू किए जाते हैं।
--आईएएनएस
आरएसजी

