एशियन गेम्स: पूजा ने हाई जंप में खत्म किया 24 साल का सूखा, देश के लिए जीता ब्रॉन्ज
नागोया, 29 सितंबर (आईएएनएस)। एशियन गेम्स 2026 में मंगलवार को पूजा ने महिलाओं की 'हाई जंप' में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर 24 साल के सूखे को समाप्त कर दिया। फाइनल में पूजा ने 1.84 मीटर की छलांग के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं, उज्बेकिस्तान की सायफुल्लाएवा ने 1.90 मीटर के अपने पर्सनल बेस्ट के साथ गोल्ड जीता, जबकि कजाकिस्तान की क्रिस्टीना ओवचिन्कोवा ने 1.87 मीटर की जंप के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया।
अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 1.93 मीटर की जंप के साथ सहाना कुमारी का 14 साल पुराना नेशनल रिकॉर्ड तोड़ने वालीं 19 वर्षीय पूजा मंगलावर को फाइनल में 1.84 मीटर की जंप के बाद बढ़त बनाए हुए थीं, लेकिन तीन कोशिशों के बावजूद 1.87 मीटर की ऊंचाई पार नहीं कर सकीं, जिसके बाद उन्हें ब्रॉन्ज मेडल से ही संतोष करना पड़ा। यह एशियन गेम्स में महिलाओं की हाई जंप में भारत का पहला ब्रॉन्ज मेडल है। इससे पहले बॉबी एलॉयसियस ने 2002 में सिल्वर मेडल जीता था।
पूजा से पहले सोमवार को सर्वेश कुशारे ने पुरुषों की हाई जंप में सिल्वर मेडल जीता था। कुशारे ने 2.25 मीटर की बेस्ट जंप के साथ पोडियम पर जगह बनाई। वह गोल्ड मेडलिस्ट चीनी ताइपे के चाओ ह्सुआन-फू की बराबरी पर थे, लेकिन चाओ ने अपनी पहली कोशिश में ही यह ऊंचाई पार कर ली थी, जबकि सर्वेश को इसके लिए दो कोशिशें लगीं। रिपब्लिक ऑफ कोरिया के सांगह्योक वू ने 2.22 मीटर की जंप के साथ ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।
सर्वेश ने प्रतियोगिता की मजबूत शुरुआत करते हुए अपनी पहली ही कोशिश में 2.10 मीटर की ऊंचाई पार कर ली। उन्होंने 2.14 मीटर, 2.18 मीटर और 2.22 मीटर की ऊंचाइयों को अपनी पहली ही कोशिश में पार करके अपनी लय बनाए रखी और लंबे समय तक टॉप पोजीशन पर बने रहे। चाओ को 2.18 मीटर पार करने में दो कोशिशें लगी थीं, इसके बाद उन्होंने 2.25 मीटर को पहली ही कोशिश में पार करके इस सीजन का अपना सबसे अच्छा प्रदर्शन करते हुए बढ़त हासिल कर ली।
दोनों एथलीट्स के 2.25 मीटर पार करने के बाद, मुकाबला 2.28 मीटर की ऊंचाई तक पहुंच गया था। हालांकि, तीन कोशिशों के बावजूद कोई भी एथलीट इस ऊंचाई को पार नहीं कर सका। ऐसे में चाओ टॉप पर रहे, जबकि कुशारे को दूसरे स्थान के साथ संतोष करना पड़ा।
--आईएएनएस
आरएसजी

